Fri. Sep 25th, 2026

दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर, निर्वाचन प्रचार सामग्री के मुद्रण एवं प्रकाशन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश किया जारी

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय, 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन, 2026 के स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला निर्वाचन शाखा, बेगूसराय द्वारा निर्वाचन प्रचार सामग्री के मुद्रण एवं प्रकाशन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सहायक निर्वाची पदाधिकारी दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सह जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय के निर्देशानुसार लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 127क के प्रावधानों के तहत निर्वाचन से संबंधित पुस्तिकाओं, पैम्फलेटों एवं पोस्टरों के मुद्रण और प्रकाशन में निर्धारित नियमों का अनुपालन अनिवार्य किया गया है।

 

निर्देश के अनुसार किसी भी निर्वाचन पुस्तिका, पैम्फलेट अथवा पोस्टर के मुख्य पृष्ठ पर मुद्रक तथा प्रकाशक का नाम एवं पता स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य है। किसी भी निर्वाचन प्रचार सामग्री का मुद्रण करने से पूर्व मुद्रक द्वारा प्रकाशक से दो व्यक्तियों द्वारा अनुप्रमाणित घोषणा-पत्र प्राप्त किया जाना आवश्यक होगा। साथ ही, सभी प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को मुद्रित सामग्री की प्रतियां तथा प्रकाशक द्वारा दिए गए घोषणा-पत्र को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सामग्री के मुद्रण के तीन दिनों के भीतर जिला पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 127क के प्रावधानों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें छह माह तक का कारावास अथवा दो हजार रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है। गंभीर उल्लंघन की स्थिति में राज्य के सुसंगत कानूनों के तहत संबंधित प्रिंटिंग प्रेस के लाइसेंस के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकती है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी राजनीतिक दलों, निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों तथा प्रिंटिंग प्रेस संचालकों से अपील की गई है कि वे निर्वाचन प्रचार सामग्री के मुद्रण एवं प्रकाशन से संबंधित सभी निर्धारित प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed