Thu. Dec 25th, 2025

 

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित एवं स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के तैल्य चित्र पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर किया गया। तदोपरांत माननीय सांसद एवं पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माननीय सांसद एवं माननीय कपड़ा एवं वस्त्र उद्योग मंत्री बेगूसराय श्री गिरिराज सिंह, विधायक श्री रजनीश कुमार, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, बेगूसराय एवं पार्टी के कार्यकर्ता एवं विभिन्न संघ के खेल संयोजक उपस्थित थे।

आयोजन में उपस्थित सभी खिलाड़ियों, खेल प्रबंधकों, दल प्रभारी एवं उपस्थित सभी जिला वासियों को संबोधित करते हुए माननीय सांसद श्री गिरिराज सिंह ने कहा की खेल में बेगूसराय बहुत आगे बढ़ रहा है। बेगूसराय के खिलाड़ियों में पहले से ही क्षमता थी अच्छे खेल खेलने की लेकिन उनको आगे बढ़ने का अवसर प्रदान नहीं हो पाता था लेकिन जब से बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार आई है तब से लेकर आज तक जिले के खिलाड़ियों एवं खेल को एक नया मुकाम हासिल हुआ है।

उन्होंने जिले के गांधी स्टेडियम सहित नगर निगम में आने वाले विद्यालयों बी पी +2 विद्यालय, बी एस एस कॉलेजिएट, जे के +2 विद्यालय में मैदान का समतलीकरण एवं पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था करने और गांधी स्टेडियम को भी नए सिरे से बनाने का आदेश जिला पदाधिकारी महोदय को दिया। उन्होंने बेगूसराय में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने का भी आश्वासन दिया साथ ही बरौनी के पास जगह उपलब्ध होने का भी जिक्र किया।

जिला पदाधिकारी महोदय ने संबोधित करते हुए कहा कि यहां के बच्चों में काफी ऊर्जा है बस जरूरत है उनको तरास कर नयी ऊँचाई तक ले जाने की। उन्होंने कहा कि जिले में जमीन चिन्हित कर स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा एवं खिलाडियों के लिए ट्रेनिंग सेंटर खोला जायेगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से देश के कुल 237 संसदीय क्षेत्र के खिलाडियों को संबोधित किया। उन्होंने आसाम, बंगाल. तमिलनाडु एवं हरियाणा के खिलाड़ियों से भी बातचीत की। उन्होंने खेल को जीवन का अभिन्न अंग बताया और कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मष्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों के लिए असीमित अवसर खोले हैं। आज देश में ऐसा माहौल बनाया गया है जहाँ चयन परिचय या अधिकार के आधार पर नहीं बल्कि कौशल एवं प्रतिभा के आधार पर होता है। आज सबसे गरीब परिवार का बच्चा भी कम उम्र में शीर्ष पर पहुँच सकता है। उन्होंने 2036 ओलम्पिक की मेजबानी के लिए देश के प्रयासों पर भी जोड़ दिया और युवाओं को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव हर निर्वाचन क्षेत्र से ऐसी प्रतिभाओं की पहचान कर सकता है जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकती है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत कई बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने जा रहा है। 2030 में भारत अहमदाबाद में राष्ट्र मंडल खेलों की मेजबानी करेगा। यह आयोजन तमाम युवा एथलिटों के लिए बड़ा अवसर होगा। इतना ही नहीं भारत सबसे बड़े खेल आयोजन ओलम्पिक की मेजबानी करने का भी प्रयास कर रहा है जो 2036 में आयोजित होने वाला है जो युवा आज दस या बारह साल के हैं वो 2036 के ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ।

आयोजन के आरम्भ में ताईक्वान्डो संघ के जिला सचिव श्री नन्दू कुमार एवं जिला कोच मणिकांत कुमार के नेतृत्व में ताईक्वान्डो खेल विधा के विभिन्न आयामों जैसे पंच, ब्लाक, किक, फाइट, एप्पल ब्रेकिंग, वुड ब्रेकिंग, फ्लाइंग साइड किक, नेशनल फ्लैग, सेल्फ डिफेन्स, काता, रिंग फायर वोल्ट आदि का प्रदर्शन खिलाड़ियों के द्वारा किया गया। माननीय सांसद ने हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो, योगा आदि खेल के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका हौसला बढाया और भविष्य में जिला एवं प्रदेश का नाम रौशन करने को कहा। इस अवसर पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाडियों को भी सम्मानित किया गया सम्मानित होने वाले में खिलाड़ियों की सूची:

क्रम सं० खेल विधा का नाम खिलाड़ियों का नाम उपलब्धियाँ
01 ताईक्वांडो आयुष बनर्जी 69 वीं राष्ट्रीय विद्यालय ताईक्वांडो खेल प्रतियोगिता 2025-26 कोहिमा, नागालेंड में गोल्ड मेडल प्राप्त किया
02 आयुष कुमार 69 वीं राष्ट्रीय विद्यालय ताईक्वांडो खेल प्रतियोगिता 2025-26 कोहिमा, नागालेंड में ब्रोंज मेडल प्राप्त किया
03 राज कुमार 42 वीं राष्ट्रीय जूनियर ताईक्वांडो खेल प्रतियोगिता 2025-26 बैंगलौर, कर्नाटका में सिल्वर मेडल प्राप्त किया
04 हैण्डबॉल सूरज कुमार राष्ट्रीय विद्यालय हैण्डबॉल खेल प्रतियोगिता 2025-26 में तुमकुर , कर्णाटक में बिहार की तरफ से ब्रोंज मेडल प्राप्त किया
05 आनंद कुमार राष्ट्रीय विद्यालय हैण्डबॉल खेल प्रतियोगिता 2025-26 में तुमकुर , कर्णाटक में बिहार की तरफ से ब्रोंज मेडल प्राप्त किया
06 देव कुमार राष्ट्रीय विद्यालय हैण्डबॉल खेल प्रतियोगिता 2025-26 में तुमकुर , कर्णाटक में बिहार की तरफ से ब्रोंज मेडल प्राप्त किया
07 हॉकी मिराज (कोच) बेगूसराय जिले की बालक 17 हॉकी टीम ने पहली बार भाग लेते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया जबकि बालिका टीम ने रजत पदक प्राप्त किया ।
08 बालक एवं बालिका हॉकी टीम के खिलाड़ियों का सम्मान
09 वॉलीबॉल राजकुमार राज्यस्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता 2025 में अपनी कप्तानी में स्वर्ण पदक प्राप्त किया ।
69 वीं राष्ट्रीय विद्यालय वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता 2025-26 में बनारस में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया

इस अवसर पर बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, अरुनव पंकज, दीपक कुमार दीप, शशिकांत, शुभम, रितेश, आदि उपस्थित थे। उद्घोषक और मंच संचालक की भूमिका में शिक्षक कन्हैया भारद्वाज एवं अरविन्द कुमार उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed