Mon. Oct 20th, 2025

बेगूसराय :: जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा, 29 अप्रैल शनिवार को पांच केंद्रों पर होगी

 

बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

जिले में सत्र 2023-24 के कक्षा छह में नामांकन हेतु आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा दिनांक 29 अप्रैल, 2023 (शनिवार) को पूर्वाहन 11 बजे से अप. 1.30 बजे तक निर्धारित है। यह परीक्षा बेगूसराय जिले के 05 परीक्षा केंद्रों यथा बी. पी. इंटर विद्यालय, एम. आर. जे. डी कॉलेज, राजकीय ओमर बालिका उच्च विद्यालय, राजकीयकृत जे. के. +2 विद्यालय एवं बी.एस.एस. कॉलेजिएट +2 विद्यालय में आयोजित होगी।

जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने बताया कि उपर्युक्त परीक्षा के स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारी की जा चुकी है तथा इस हेतु सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु सभी परीक्षा केंद्रों के लिए पर्याप्त रूप से गश्ती दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी हेतु पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिसे ससमय सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

इसी क्रम में उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय को सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेगूसराय सदर को परीक्षा केंद्रों पर धारा-144 लागू करने तथा विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहते हुए परीक्षा कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed