Fri. Jul 18th, 2025

उपलब्धि :: 99% अंक के साथ भारोत्तोलन खेल में बिहार के प्रथम अंतर्राष्ट्रीय कैटेगरी-1 रेफरी बने रजनीश भास्कर

बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले स्थित पोंजेसलि कॉलेज आफ इंजीनियरिंग, नागरकोईल में 29 दिसंबर 2022 से 7 जनवरी 2023 तक आयोजित यूथ, जूनियर एवं सीनियर राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता 2022-23 के दौरान भारतीय भारोत्तोलन संघ के द्वारा अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी-1, अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी-2, राष्ट्रीय कैटेगरी-1 एवं राष्ट्रीय कैटेगरी-2 रेफरी परीक्षा का आयोजन 30 दिसंबर 2022 को किया गया। 31 दिसंबर 2022 को प्रैक्टिकल एग्जामिनेशन भी आयोजित की गई जिसका रिजल्ट 01 जनवरी 2023 को घोषित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी-1 रेफरी परीक्षा में बिहार से एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय कैटेगरी-2 रेफरी श्री भास्कर ने भाग लिया और 99% मार्क्स लिखित एवं प्रैक्टिकल एग्जामिनेशन दोनों में प्राप्त कर बिहार से भारोत्तोलन खेल के क्षेत्र में पहला अंतर्राष्ट्रीय कैटेगरी-1 रेफरी बनने का गौरव प्राप्त किया।
श्री रजनीश भास्कर एक अंतरराष्ट्रीय रेफरी होने के साथ-साथ, बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के वर्तमान में अध्यक्ष, बिहार भारोत्तोलन संघ के उपाध्यक्ष एवं भारतीय भारोत्तोलन संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भी हैं।

आप को बता दें कि वेटलिफ्टिंग खेल के क्षेत्र में चार प्रकार के रेफरी होते हैं, राष्ट्रीय कैटेगरी-2 रेफरी, राष्ट्रीय कैटेगरी-1 रेफरी, अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी-2 रेफरी, अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी-1 रेफरी
श्री भास्कर ने 2011 में राष्ट्रीय कैटेगरी-2 की परीक्षा पास की, 2015 में राष्ट्रीय कैटेगरी-1 की परीक्षा पास की, 2019 में अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी-2 की परीक्षा पास की और अब साल 2023 में अंतरराष्ट्रीय कैटेगरी-1 रेफरी की परीक्षा पास की और इसके साथ ही श्री भास्कर अब भारत देश का प्रतिनिधित्व रेफरी/ तकनीकी पदाधिकारी के रूप में अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप एवं ओलंपिक जैसे खेलों में भी कर पाएंगे।
श्री भास्कर ने अपनी इस उपलब्धि के लिए सारा क्रेडिट भारोत्तोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सहदेव यादव, द्रोणाचार्य अवॉर्डी श्री पाल सिंह संधू, द्रोणाचार्य अवॉर्डी श्रीमती हनसा मनराल, श्री एस सुब्रमण्यम, श्री एन पी एस चौहान को देते हुए कहा कि यह उनके गुरु हैं जिनके ज्ञान, आशीर्वाद, सहयोग की वजह से आज वह यह मुकाम हासिल कर पाए हैं।
उन्होंने बिहार भारोत्तोलन के वर्तमान अध्यक्ष श्री अरुण कुमार केसरी जी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। जिनका आशीर्वाद और सहयोग हमेशा वेटलिफ्टिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले सभी बिहार के रेफरी एवं खिलाड़ियों को मिलता रहा है और आज बिहार वेटलिफ्टिंग के क्षेत्र में बहुत आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय एवं अन्य भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 1-2- नहीं बल्कि 6-7 मेडल प्राप्त कर रहे हैं।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed