बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के द्वारा आज नीमा चांदपुरा में एक बैठक आयोजित कर जिले की शैक्षणिक व्यवस्था पर रोष प्रकट किया गया।
बैठक में जिला शिक्षा कार्यालय में बढ़ रहे वित्तीय अनियमितता, बीपी स्कूल छात्रावास पर अतिक्रमण कर कार्यालय चलाना, शिक्षा विभाग में वर्षों से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों के ट्रांसफर करने सहित कई मुद्दे पर जोरदार आंदोलन हेतु निर्णय लिया गया।
बैठक में एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजित चौधरी ने कहा कि 125 वर्ष पुराना भवन हादसे को आमंत्रित कर रहा है किंतु उस भवन में पूर्व के डीईओ के द्वारा लाखों रुपया खर्च कर आंतरिक सुंदरता को बढ़ाया गया, किंतु भवन जर्जर होने के कारण आज टूटकर गिर रहा है जो कभी भी हादसे का रूप ले सकता है। इस हेतु विद्यार्थी परिषद यह मांग करती है कि जिला शिक्षा कार्यालय को अविलंब उक्त भवन से हटाया जाए एवं इस भवन का जीर्णोद्धार किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि समय-समय पर आरडीडीई, डीपीओ सहित तमाम पदाधिकारियों का स्थानांतरण होते रहता है किंतु शिक्षा विभाग के कर्मचारी वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं जो आर्थिक अनियमितता को बढ़ावा दे रहे है। उनका भी ट्रांसफर किया जाना चाहिए।
जिला संयोजक सोनू सरकार ने कहा कि बरसों से जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विभिन्न विद्यालयों में निरीक्षण कर रहे हैं एवं निरीक्षण कार्य को वसूली के स्रोत के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। उनके निरीक्षण के उपरांत भी किसी भी प्रकार का सुधार नहीं हो रहा है। आखिर निरीक्षण करने का क्या उद्देश्य है एवं निरीक्षण के उपरांत क्या सुधार होता है। इसकी जानकारी पब्लिक डोमेन में आनी चाहिए ताकि उनके कार्यों में पारदर्शिता आ सके। अन्यथा वसूली के इस धंधे के खिलाफ विद्यार्थी परिषद कड़ा रुख अख्तियार करेगी।
चांदपुरा के नगर अध्यक्ष कमलेश कुमार एवं घनश्याम कुमार ने कहा कि जिले के कई उच्च विद्यालयों को प्लस टू स्कूल में प्रोन्नत किया गया किंतु उनके यहां पठन-पाठन तो दूर आधारभूत संरचना का भी अभाव है। जो मात्र प्रशासनिक उदासीनता के कारण है। यदि जिला शिक्षा कार्यालय पठन-पाठन एवं आधारभूत संरचना के कार्यों पर ध्यान दें तो सभी विद्यालयों की स्थिति संवर सकती है। परंतु पूरा प्रशासनिक व्यवस्था अपनी जेब भराई में मस्त है। इस कारण जिले के कई विद्यालयों की स्थिति बदतर है। विद्यार्थी परिषद ऐसे विद्यालयों की एक सूची तैयार कर जल्द ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को समर्पित करेगी, ताकि उनके अवसंरचना में सुधार हो सके।
मौके पर अमन राज, सुबोध कुमार, अमन कुमार, रुपेश कुमार, राजीव कुमार, अनुराग कुमार, सौरभ ठाकुर, हिमांशु कुमार, विकास कुमार, कार्तिक शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


