बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय में आज मंगलवार की अहले सुबह बड़े हादसे में दो युवक की जान चली गई। घटना राष्ट्रीय उच्च पथ-31 पर लाखो सहायक थाना क्षेत्र के इनियार ढ़ाला के समीप की है।
मृतक की पहचान बलिया क्षेत्र के लखमीनियां बभनटोली निवासी रामाश्रय सिंह के पुत्र ब्रजेश कुमार सिंह एवं रामनंदन सिंह के पुत्र प्रियेश कुमार सिंह के रूप में की गई। घटना के संबंध में बताया गया कि ब्रजेश कुमार सिंह की पुत्री बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में इलाजरत है। उसी को देखने के लिए सुबह सबेरे चार बजे वह अपने पड़ोसी चाचा प्रियेश कुमार सिंह के साथ बाइक से बेगूसराय आ रहे थे। इसी दौरान इनियार ढ़ाला के समीप बन रहे डायवर्सन के लिए गिराए गए मिट्टी के ढेर से टकरा गया। टकराने के बाद बाइक की गति तेज रहने के कारण दोनों काफी दूर जा गिरा, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई।
रास्ते से गुजर रही थाना की गश्ती टीम ने दोनों को उठाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
स्थनीय लोगों के अनुसार फोरलेन पर डायवर्सन के समीप गलत ढंग से मिट्टी का ढ़ेर रखा हुआ है। मिट्टी के ढ़ेर के सामने रिफ्लेक्टर देना चाहिए था। फोरलेन निर्माण में लगी कंपनियां लापरवाही के साथ-साथ आधा-अधूरी काम कर रहा है। जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। फोरलेन सड़क निर्माण लगभग पूरा होने को है लेकिन सड़क की दुर्दशा देख लगता नहीं कि यह साल दो साल भी नहीं चलेगी।
घटना में दो युवकों की एक साथ हुई मौत से गांव एवं परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक आपसी रिश्ते में चाचा-भतीजा थे।