Fri. Apr 25th, 2025

भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष महेश्वर प्रसाद सिंह बाबा का निधन, जिले में शोक की लहर

बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व  जिला अध्यक्ष महेश्वर प्रसाद सिंह बाबा के निधन के उपरांत संपूर्ण जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भाजपा के नेतागण भी मर्माहत हैं।

निधन के उपरांत केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने अपने संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के प्रति प्रेषित करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर यह परिजनों के लिए सबसे कठिन पल है किंतु नियति के आगे किसकी चली है। बाबा का जाना निश्चित तौर पर असहनीय पीड़ा दे गया है किंतु अपने संपूर्ण जीवन काल में उन्होंने जिस निष्ठा एवं समर्पण के साथ पार्टी के कार्यों को निष्पादित किया है एवं जन सेवा से जुड़े रहे हैं वह कितने लोगों के लिए प्रेरणादायक मार्ग है।

अपने प्रारंभिक जीवन से लेकर जीवन के अंतिम क्षण तक वो अपने दृढ़ निश्चयी भाव से जीवंतता के साथ हर कार्य को करते आए। उनका संघर्ष वर्तमान की राजनीतिक पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए सदैव मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा।

इस मौके पर बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि शोकाकुल परिजनों के लिए यह विपत्ति का पहाड़ जैसा टूट पड़ा है लेकिन ना केवल उनके स्वजन बल्कि संपूर्ण जिले के भाजपा के कार्यकर्ता उनके निधन से शोक में है।

बाबा ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक राजनीतिक एवं धार्मिक न्याय की लड़ाई में समर्पित किया है जिसका यह परिणाम है कि आज उनके लाखों शुभेच्छु नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

जिला अध्यक्ष का कार्यकाल हो अथवा अन्य दिनों का संघर्ष बाबा कुशल नेतृत्व कर्ता के रूप में सदैव मुखरता से नेतृत्व करते नजर आए एवं अपने सहकर्मियों के साथ साथ अपने बाद की पीढ़ी को भी मार्गदर्शन देते आए।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि उनका जाना भारतीय जनता पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति तो है ही साथ ही साथ सामाजिक स्तर पर एक मुखर एवं प्रखर स्वभाव के मिलनसार व्यक्तित्व का भी हम सबों के बीच से चला जाना व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्तर पर बहुत बड़ी क्षति है।बाबा की रिक्तता सदा सदैव मन को असहनीय पीड़ा देगा ।

जिला भाजपा के समस्त पदाधिकारी, नगर मंडल के पदाधिकारियों एवं भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने जिला कार्यालय पर बाबा के पार्थिव शरीर को पुष्पांजलि अर्पित की।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed