बेगूसराय ::–
विजय कुमार सिंह ::–
06 मार्च 2021, शनिवार
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन बेगूसराय के 20वें जिला सम्मेलन के अवसर पर “वर्तमान शिक्षा की स्थिति एवं उसमें छात्रों की भूमिका” विषय पर सेमिनार का आयोजन शनिवार को किया गया। श्री कृष्ण महिला कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जीडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ राम अवधेश सिंह के द्वारा की गई। इससे पूर्व बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय खोलने, समान शिक्षा प्रणाली को लागू करने, केजी से पीजी तक के मुफ्त शिक्षा कानून के पालन आदि माँगों को लेकर हज़ारों की संख्या में छात्र-छात्राओं का “शिक्षा बचाओ रैली” जीडी कॉलेज से मुख्य बाजार के रास्ते महिला कॉलेज पहुँचा।
सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन संगठन के राष्ट्रीय महासचिव विक्की महेश्वरी के द्वारा झंडोत्तोलन कर एवं शहीदों की तैलचित्र पर माल्यर्पण कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा की भगत सिंह के विचारों पर चलकर ही देश का विकास संभव है। हम लोग जितना भी भगत सिंह को पढेंगें उतना ही वैचारिक रूप से मजबूत बनेंगे। हमारा संगठन इस देश की आज़ादी में भाग लेना वाला इकलौता छात्र संगठन है।
बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा वर्तमान सरकार मानवता विरोधी है, मानव संसाधन के मुद्दों को गौण किया जा रहा है।उन्होनें छात्राओं के लिये श्रीकृष्ण महिला महाविद्यालय में खेल स्टेडियम बनाने की बात विधानसभा में उठाने की बात कही।
तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह ने कहा छात्र आंदोलन का इतिहास इस देश के लिए गौरवशाली है। जब जब छात्रों ने सत्ता के ख़िलाफ़ बगावत किया है तब तब सत्ता नतमस्तक हुई है। छात्र आंदोलन से शैक्षणिक के साथ सामाजिक व्यवस्था भी सृदृढ़ होती है।।
संगठन के राज्य सचिव सुशील कुमार एवं राज्य अध्यक्ष रंजीत पंडित ने संयुक्त रूप से कहा बिहार के अंदर निशुल्क शिक्षा कानून के पालन के लिए हमारे संगठन ने सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया है।
पूर्व विधान परिषद सदस्य उषा सहनी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव अभिनव कुमार अकेला, छात्रा जिला संयोजिका अप्सरा कुमारी ने भी सेमिनार को संबोधित किया। मंच संचालन संगठन के राष्ट्रीय कार्यकरिणी सदस्य अमीन हमजा ने की।
मौके पर जिला सचिव किशोर कुमार, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, पवन कुमार, इशु वत्स, ऋषभ, हसमत बालाजी, रौशन कुमार समेत हज़ारों छात्र छात्राएँ मौजूद थे। इस अवसर पर युवा गायक किशन कुमार के द्वारा गीत एवं संगीत के माध्यम से श्रोताओं के मन मोह लिया।