Tue. Feb 10th, 2026

सहुरी पंचायत के पुरपथार-झराही मार्ग पर अपराधियों ने दिनदहाड़े निजी फाईनेंस कर्मी से 33 हजार रूपये लूटे

छौड़ाही (बेगूसराय)-

दो की संख्या में बाइक सवार अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

छौड़ाही (बेगूसराय)- सहायक थाना क्षेत्र के सहुरी पंचायत अंतर्गत पुरपथार-झराही मार्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय पुरपथार के समीप तीखे मोड़ पर बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मी से हथियार के बल पर हजारों रुपए लूट लिए। घटना शुक्रवार की दोपहर डेढ बजे के आसपास की बताई जा रही है।

फाइनेंस कर्मी से लूटपाट उस समय घटित हुई जब वह मीटिंग करने के बाद रुपया कलेक्शन कर अपने संबंधित ब्रांच ऑफिस की ओर जा रहा था। तभी पूर्व से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने पुरपथार विद्यालय के बाद स्थित मोड़ पर भारत फाइनेंस इंक्लूजन लि.के कर्मी मनीष कुमार को बाईक धीरे करने का इशारा किया। बाइक धीरे करते ही दो की संख्या में अपराधियों ने पिस्तौल तान दी और डिक्की में रखे हुये करीब 33 हजार रुपये लूट लिए। बताया जा रहा है कि लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद दो की संख्या में बाइक सवार अपराधी फाइनेंस कर्मी से बाइक की चाभी जबरन छीन ली ताकि वो उसका पीछा नहीं कर सके। फिर दोनों अपराधी अपनी बाइक से झराही मार्ग से समस्तीपुर की जिला में आराम से प्रवेश कर फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद फाइनेंस कर्मी ने ब्रांच के सीनियर पदाधिकारी व छौड़ाही पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही ओपी अध्यक्ष ने अपने वरीय पदाधिकारी को सूचना देने के साथ ही मौके वारदात की ओर रवाना हो गए। फिर शाम को डीएसपी सत्येंद्र कुमार सिंह तथा छौड़ाही पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी करते रहे। किंतु पुलिस को सफलता हाथ नहीं लग सकी। वही दूसरी तरफ कई महीनों बाद दिनदहाड़े लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

बोले ओपी अध्यक्ष…….
घटना के संबंध में ओपी अध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि फाइनेंस कंपनी के कर्मी से पूछताछ कर अपराधियों को दबोचने के लिए सीमावर्ती थानों से संपर्क साधा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed