Mon. Oct 12th, 2026

बेगूसराय के खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में जीते चार पदक

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर जिले का बढ़ाया मान

बेगूसराय, 12 अक्टूबर 2026।

जहानाबाद में आयोजित राज्यस्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय भारोत्तोलन प्रतियोगिता 2026-27 में बेगूसराय जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए। अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता का समापन सोमवार, 12 अक्टूबर को हुआ। बेगूसराय की टीम ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता में बेगूसराय जिले से अंडर-17 आयु वर्ग के पांच और अंडर-19 आयु वर्ग के पांच सहित कुल 10 बालक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

चार खिलाड़ियों ने जीते पदक

प्रतियोगिता में कार्तिक रंजन ने अंडर-17 की 71 किलोग्राम भार श्रेणी में 243 किलोग्राम कुल भार उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 112 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 131 किलोग्राम भार उठाया।

वहीं, प्रेम कुमार ने अंडर-19 की 88 किलोग्राम भार श्रेणी में 251 किलोग्राम कुल भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 110 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 141 किलोग्राम भार उठाया।

मोहम्मद दिलशाद ने अंडर-19 की 71 किलोग्राम भार श्रेणी में स्नैच के 77 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क के 90 किलोग्राम सहित कुल 167 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक प्राप्त किया। वहीं, पीयूष कुमार ने अंडर-17 की 79 किलोग्राम भार श्रेणी में स्नैच में 80 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 100 किलोग्राम सहित कुल 180 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।

टीम मैनेजर, कोच और रेफरी ने निभाई जिम्मेदारी

प्रतियोगिता में हिमांशु शेखर एवं संतोष सिंह ने टीम मैनेजर के रूप में तथा मही प्रताप एवं रितुराज ने टीम कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वहीं, रोहन कुमार को प्रतियोगिता में रेफरी नियुक्त किया गया था।

इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों और एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र सहित लगभग 130 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेगूसराय के खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

जिला भारोत्तोलन संघ ने दी बधाई

बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संघ ने उम्मीद जताई कि बेगूसराय के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस उपलब्धि की जानकारी बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के उपाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन रेफरी रजनीश भास्कर ने दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed