Fri. Nov 20th, 2026

हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन पर बरौनी रिफाइनरी को मिला “उत्कृष्ट पुरस्कार” 

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।। 

@ राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग ने किया सम्मानित, बेगूसराय का बढ़ा गौरव

 राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, संरक्षण, संवर्धन एवं सरकारी कामकाज में प्रभावी कार्यान्वयन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान के लिए इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी के नेतृत्व में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बरौनी को प्रतिष्ठित ‘उत्कृष्ट पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के पूर्व क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, कोलकाता की ओर से 20 नवंबर 2026 को सिलीगुड़ी में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि से बेगूसराय और बरौनी औद्योगिक क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। औद्योगिक विकास के साथ-साथ हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने की दिशा में बरौनी रिफाइनरी लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बरौनी के अध्यक्ष एवं बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक तथा रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश की ओर से मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री भास्कर हजारिका ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया।

समारोह में राजभाषा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने नराकास, बरौनी के अंतर्गत आने वाले सदस्य कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इनमें नियमित हिंदी कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, तकनीकी संगोष्ठियां, रचनात्मक प्रतियोगिताएं, हिंदी पखवाड़ा, जागरूकता अभियान और विभिन्न अभिनव गतिविधियां प्रमुख रूप से शामिल हैं।

कार्यालयीन भाषा से आगे संवाद और सहभागिता का माध्यम बनी हिंदी

बरौनी रिफाइनरी के नेतृत्व में नराकास, बरौनी ने हिंदी को केवल कार्यालयीन कामकाज तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे संवाद, सहभागिता, ज्ञान-साझाकरण और संगठनात्मक गौरव का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय पहल की है।

देश की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी तकनीकी उत्कृष्टता, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ-साथ राजभाषा हिंदी के संवर्धन में भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रही है। यह उपलब्धि इंडियनऑयल की उस कार्यसंस्कृति को दर्शाती है, जिसमें राष्ट्र की प्रगति के साथ भारतीय भाषाओं, सांस्कृतिक मूल्यों और समावेशी संवाद को विशेष महत्व दिया जाता है।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नराकास, बरौनी के सभी सदस्य कार्यालयों, राजभाषा अधिकारियों, कर्मचारियों और हिंदी के प्रति समर्पित सभी सहभागियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है।

राजभाषा हिंदी के प्रति समर्पण, सामूहिक सहभागिता और उत्कृष्टता की भावना के साथ बरौनी रिफाइनरी एवं नराकास, बरौनी हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रभावी कार्यान्वयन की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं।

इस संबंध में बरौनी रिफाइनरी की मुख्य प्रबंधक (कर्मचारी सेवाएं, कॉर्पोरेट संचार एवं हिंदी) मीनाक्षी ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed