Thu. Nov 19th, 2026

बेगूसराय में छह महापुरुषों की संयुक्त जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई, वक्ताओं ने किया नमन

 न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ गुरु नानक देव से लेकर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और इंदिरा गांधी तक के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर हुई चर्चा

बेगूसराय, 19 नवंबर 2026। शहीद सुखदेव सिंह समन्वय समिति की ओर से गुरुवार को सर्वोदय नगर स्थित समिति कार्यालय के सभागार में भारत की छह ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी विभूतियों की जयंती संयुक्त रूप से समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरु नानक देव की 557वीं, वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की 198वीं, समाज सुधारक केशव चंद्र सेन की 188वीं, क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की 116वीं, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं तथा प्रसिद्ध पहलवान एवं अभिनेता दारा सिंह की 98वीं जयंती पर उनके तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला सेल की सचिव सुनीता देवी ने की, जबकि संचालन जेपी सेनानी संपूर्ण क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव, वरिष्ठ नागरिक संघ के जिला अध्यक्ष एवं शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव ने मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की राष्ट्रसेवा और दारा सिंह का कुश्ती एवं सिनेमा जगत में योगदान सदैव याद किया जाएगा। समाज सुधारक केशव चंद्र सेन और क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त का योगदान भी भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

स्वामी वलोदानंद जी महाराज ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी सेना के विरुद्ध अद्भुत वीरता का परिचय दिया। वहीं इंदिरा गांधी को देश की सशक्त महिला नेतृत्वकर्ता के रूप में याद किया जाता है। इन सभी विभूतियों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

शिक्षिका अर्चना कुमारी ने कहा कि गुरु नानक देव, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, इंदिरा गांधी, बटुकेश्वर दत्त, केशव चंद्र सेन और दारा सिंह ने अपने-अपने क्षेत्र में देश और समाज को नई पहचान दिलाई। इनके विचारों और कार्यों से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए।

समाजसेवी दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने अल्पायु में ही जिस अदम्य साहस और समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा की, उसके लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।

अध्यक्षीय संबोधन में सुनीता देवी ने सभी महापुरुषों एवं महान विभूतियों को नमन करते हुए कहा कि इनके संघर्ष, त्याग, सेवा और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जेपी सेनानी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र महतो, दाढ़ीटी देहदान समिति के जिला अध्यक्ष सुशील राय, गांधी जैन स्वराज पार्टी के नेता रविशंकर पोद्दार, केदारनाथ चौधरी, इंजीनियर आलोक कुमार, पप्पू कुमार, आर्यन कुमार, नाथू शाह, राजा कुमार, पूजा कुमारी, ललिता देवी, छात्र नेता अनिकेत कुमार पाठक, खुशी कुमारी, आंचल कुमारी एवं ज्ञानचंद्र पाठक सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सभी विभूतियों के तैलचित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

समारोह में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्श, त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed