Thu. Nov 5th, 2026

सिमरिया कल्पवास मेले में ड्यूटी से गायब मिले चार पदाधिकारी, डीएम ने रोका एक दिन का वेतन

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण, जवाब संतोषजनक नहीं होने तक 4 नवंबर के वेतन की निकासी पर रोक

बेगूसराय। राजकीय सिमरिया कल्पवास मेला-2026 में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए प्रतिनियुक्त चार पदाधिकारियों के ड्यूटी स्थल से बिना पूर्व सूचना और अनुमति के अनुपस्थित पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों पदाधिकारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, स्पष्टीकरण स्वीकृत होने तक 4 नवंबर 2026 के वेतन की निकासी पर रोक लगा दी गई है।

प्रशासनिक कार्रवाई की जद में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, वीरपुर नितेश कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, वीरपुर शैलेश रंजन, वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, वीरपुर अम्बिका प्रसाद सिंह तथा ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य अवर प्रशाखा, चेरियाबरियारपुर के कनीय अभियंता केदारनाथ यादव शामिल हैं।

इन सभी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 25 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक एकांतर दिवस पर द्वितीय पाली में की गई थी। उनकी ड्यूटी का समय अपराह्न 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित था।

जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को अपर समाहर्त्ता-सह-मेला प्रभारी द्वारा मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उक्त चारों पदाधिकारी अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल से अनुपस्थित पाए गए। इसे आदेश की अवहेलना मानते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी से जवाब तलब किया है।

जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि राजकीय सिमरिया कल्पवास मेला जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील आयोजन में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही, शिथिलता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित रहकर पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed