Thu. Nov 5th, 2026

बरौनी रिफाइनरी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बांटी खुशियां, 100 छात्राओं को दी शैक्षणिक एवं स्वच्छता सामग्री

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ ‘स्माइल्स वी स्प्रेड’ पहल के तहत छात्राओं के बीच स्कूल बैग, अध्ययन सामग्री और स्वच्छता किट का वितरण, स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित

बेगूसराय। इंडियनऑयल की सामाजिक पहल ‘स्माइल्स वी स्प्रेड’ के तहत बरौनी रिफाइनरी ने मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कुम्भी (चेरियाबरियारपुर) में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में खुशियां, उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) संजय रायजादा ने अपनी धर्मपत्नी अनुराधा रायजादा के साथ किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (ईएमएस, एमएस एवं एलएंडडी) राधेश्याम प्रसाद, मुख्य प्रबंधक (ईएमएस, सीसी एवं हिन्दी) मीनाक्षी ठाकुर सहित रिफाइनरी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रहीं लगभग 100 छात्राओं को स्कूल बैग, अध्ययन सामग्री, स्वच्छता किट और दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं। इस सहयोग से छात्राओं को उनकी शैक्षणिक एवं दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का संचालन सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की बालिकाओं को शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जाता है। इन विद्यालयों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं बीपीएल परिवारों की बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, वस्त्र और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।

सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बरौनी रिफाइनरी की ओर से छात्राओं एवं विद्यालय की वार्डनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक और यादगार पल तब आया, जब छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और इस सहयोग के लिए आभार जताया। छात्राओं की निश्छल मुस्कान और आत्मीय संवाद ने कार्यक्रम के माहौल को आनंदमय बना दिया।

‘स्माइल्स वी स्प्रेड’ पहल के माध्यम से बरौनी रिफाइनरी ने इंडियनऑयल के मूल मूल्य ‘केयर’ को सार्थक करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह पहल समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed