न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ डीएम रिची पांडेय के निर्देश पर प्रशासनिक पदाधिकारी और अभियंताओं की संयुक्त टीमें कर रहीं स्थलीय जांच, 6 नवंबर तक सौंपनी होगी रिपोर्ट
बेगूसराय। जिले में सड़कों की बदहाल स्थिति को दुरुस्त करने और आमलोगों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। पथ निर्माण विभाग, बिहार के निर्देश के आलोक में जिले के 32 महत्वपूर्ण पथों का सघन संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराया जा रहा है। जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय के निर्देश पर इसके लिए प्रशासनिक पदाधिकारियों और अभियंताओं की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य हालिया बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उनकी मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करना है। आगामी दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए सड़कों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

छह अनुमंडलों में गठित की गईं निरीक्षण टीमें
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित सड़कों के निरीक्षण की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को सौंपी गई है। इनमें बेगूसराय सदर, बलिया, तेघड़ा और बखरी अनुमंडल के साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हैं। निरीक्षण में पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता भी तकनीकी सहयोग दे रहे हैं।
निरीक्षण के दायरे में बेगूसराय-मंझौल-सागी पथ (एसएच-55), बेगूसराय-बीरपुर-संजत पथ, बेगूसराय-शाम्हो पथ, साहेबपुरकमाल-पंचवीर पथ, तेघड़ा-मुबारकपुर पथ, बरौनी रेलवे स्टेशन एप्रोच पथ, मंझौल-बखरी पथ, गढ़पुरा-बखरी पथ सहित जिले के 32 महत्वपूर्ण सड़क मार्ग शामिल हैं।

सड़क से लेकर पुल-पुलियों की भी होगी तकनीकी जांच
निरीक्षण के दौरान सड़कों पर बने गड्ढों, धंसान, दरारों, सड़क किनारे और शोल्डर की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। इसके साथ ही झाड़ियों की कटाई, रोड मार्किंग, साइनेज, क्रैश बैरियर और मीडियन की पेंटिंग तथा जलजमाव वाले संवेदनशील स्थलों की भी जांच की जा रही है।
वहीं, संबंधित मार्गों पर स्थित पुल-पुलियों के वियरिंग कोर्स, एक्सपेंशन जॉइंट, रबर सील, रेलिंग और ड्रेनेज स्पाउट की स्थिति का भी तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि आवश्यक सुधार कार्यों की पहचान की जा सके।


