न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 का फाइनल मुकाबला बुधवार को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में खेला गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को 30 रनों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं पटना प्रमंडल उपविजेता रहा। पूरे मुकाबले के दौरान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होता रहा।

मैच शुरू होने से पहले जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। फाइनल में पटना प्रमंडल ने टॉस जीतकर मुंगेर को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मुंगेर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 153 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मुंगेर की ओर से उत्कर्ष आनंद ने सर्वाधिक 52 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि विकास ने 34 और अविनाश पोद्दार ने 24 रन बनाए।
पटना की ओर से ऋषभ पांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी गेंदबाजी में एक हैट्रिक भी शामिल रही। हिमांशु ने दो विकेट हासिल किए।

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम 19.5 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पटना की ओर से कप्तान दिवाकर ने सर्वाधिक 68 रन बनाए। मुंगेर की ओर से प्रेमकांत ने चार ओवर में 19 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। विद्यानंद ने भी चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अविनाश पोद्दार ने दो विकेट लिए। इस तरह मुंगेर ने 30 रनों से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रेमकांत बने मैन ऑफ द मैच, कुमार सान को मैन ऑफ द सीरीज
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले मुंगेर प्रमंडल के प्रेमकांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पटना प्रमंडल के हरफनमौला खिलाड़ी कुमार सान को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने तीन मैचों में आठ विकेट लेने के साथ 32 रन भी बनाए।
डीएम ने कहा- खेल भावना और क्षमता का सर्वोच्च प्रदर्शन है महत्वपूर्ण
विजेता एवं उपविजेता टीम को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीएम रिची पांडेय ने कहा कि दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने भी फाइनल मुकाबले का भरपूर आनंद लिया।
उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार लगी रहती है, लेकिन खेल हमें एकजुटता और भाईचारे का संदेश देता है। केंद्र एवं बिहार सरकार लगातार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। मेडल लाओ, नौकरी पाओ जैसी पहल से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
डीएम ने कहा कि खेल से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। विद्यालय स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ अपनी क्षमता का सर्वोच्च प्रदर्शन करना है। उन्होंने सभी युवा खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बिहार सरकार, खेल विभाग और जिला प्रशासन बेगूसराय को धन्यवाद दिया।
बेगूसराय की मेजबानी की सभी टीमों ने की सराहना
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता में बिहार के सभी प्रमंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया। बेगूसराय जिले की मेजबानी की पूरे बिहार से आई टीमों ने सराहना की। प्रतियोगिता को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षकों ने दिन-रात मेहनत की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


