न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत आयोजित होने वाले प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय द्वारा संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोत्सव की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बेगूसराय श्री मनीष, माननीय विधायक, तेघड़ा श्री रजनीश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी श्री गौशाला, तेघड़ा पहुंचे, जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि यहां का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव काफी प्रसिद्ध है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने महोत्सव के दौरान यातायात एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आवश्यकतानुसार यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करने पर बल दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जिला पदाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को महोत्सव अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत संबंधी किसी भी संभावित समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक तैयारी रखने का निर्देश दिया।
साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थल, आसपास के क्षेत्रों तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा कचरा निष्पादन की भी समुचित व्यवस्था की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा महोत्सव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


