Sat. May 16th, 2026

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में 31मई तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य युद्धस्तर पर जारी

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान पूरे राज्य में 2 मई 2026 से प्रारंभ किया गया है, जो 31 मई 2026 तक जारी रहेगा। इस अवधि में नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक भवन एवं सेन्सस हाउस का विस्तृत विवरण संकलित कर रहे हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले का कोई भी भवन अथवा सेन्सस हाउस गणना से वंचित न रह जाए। इसी उद्देश्य से जिला स्तर पर हेल्पलाइन सह नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां आम नागरिक अपनी शिकायत अथवा सूचना दर्ज करा सकते हैं।

जिला जनगणना कार्यालय ने बताया है कि यदि किसी व्यक्ति के मकान की गणना अब तक नहीं हुई है अथवा किसी क्षेत्र में कोई भवन छूट गया है, तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 06243-222835 पर दी जा सकती है। सूचना प्राप्त होते ही नियंत्रण कक्ष के पदाधिकारी संबंधित चार्ज अधिकारी को तत्काल अवगत कराएंगे। इसके बाद संबंधित प्रगणक को पुनः उस क्षेत्र में भेजकर गणना कार्य सुनिश्चित कराया जाएगा तथा इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग करें। यदि किसी भी व्यक्ति को अपने आसपास कोई छूटा हुआ भवन, मकान अथवा सेन्सस हाउस दिखाई देता है, तो इसकी जानकारी तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि जिले में शत-प्रतिशत मकान गणना सुनिश्चित की जा सके।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed