न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष के संयुक्त अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में भू-समाधान, खनन, उत्पाद न्यायालय, परिवहन, ट्रैफिक, नीलाम पत्र, पुलिस, कब्रिस्तान, भूमि विवाद, विधि-व्यवस्था, अल्पसंख्यक कल्याण, जनता दरबार, अतिक्रमण वाद, एसडीओ कोर्ट में लंबित वादों एवं विभिन्न प्रशासनिक मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण वाद एवं एसडीओ न्यायालय में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
खनन एवं परिवहन से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा करते हुए उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने एवं लंबित मामलों के निष्पादन में प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उत्पाद न्यायालय से संबंधित मामलों में भी त्वरित कार्रवाई एवं नियमित अनुश्रवण पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
अल्पसंख्यक कल्याण एवं कब्रिस्तान घेराबंदी से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विधि-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील मामलों पर सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

