Fri. Mar 20th, 2026

बेगूसराय :: देश के वरिष्ठ पत्रकार विद्यालय के दस मेधावी-सह- निर्धन छात्रों के लिए छात्रवृत्ति देने की घोषणा

बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

देश के वरिष्ठ पत्रकार तथा दूरदर्शन के हाल ही में सेवानिवृत महानिदेशक ( पूर्वी क्षेत्र ) सुधांशु रंजन ने आज जे के हायर सेकेण्डरी स्कूल बेगूसराय में अपने स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के दस मेधावी-सह- निर्धन छात्रों के लिए छात्रवृत्ति देने की घोषणा की.

उन्होंने कहा कि मैंने वर्ग षष्ठम से लेकर वर्ग एकादश तक इसी स्कूल में शिक्षा पायी. मैं करियर की जिस ऊँचाई पर पहुँचा उसकी बुनियाद में इस विद्यालय के शिक्षकों की पढ़ाई का अमूल्य योगदान है. उन्होंने अपने अंग्रेज़ी शिक्षक भूदेव बाबू, साइंस के शिक्षक इमाम साहब और प्रधानाध्यपक रामेश्वर सिन्हा को ख़ासतौर पर याद किया कि अनुशासन और पढ़ाई का संतुलन इतना शानदार था कि गुरु शिष्य की परंपरा में विद्यालय का वातावरण ढल गया था.

उन्होंने छात्र-छात्राओं से परिचय प्राप्ति के साथ संबोधित करते हुए गुरु की महत्ता बतायी. आदिशंकराचार्य, रामकृष्ण परमहंस, विवेकानंद आदि के बारे में विस्तृत चर्चा के ज़रिए उन्होंने बच्चों को बताया कि जो शिक्षक और छात्र सही अर्थों में शिक्षा को आत्मसात करते हैं वही शिक्षक गुरु बनता है और छात्र शिष्य बनता है. दानशीलता को मनुष्य जाति में जन्म की सार्थकता बताते हुए कतिपय उदाहरणों से इसे सिद्ध किया. इन संदर्भों में अब्दुर्रहीम ख़ानख़ाना, कबीर , रैदास ,नानक आदि संतों की चर्चा करते हुए उन्होंने अनुकरणीय बातें कहीं कि वे छात्रवृति देने की घोषणा से बच्चों का कोई उपकार करने या स्वयं दानवीर बनने नहीं आया हूँ बल्कि मैं इसी विद्यालय से हासिल चीज़ों को अपने पुण्यार्थ इसे लौटाने आया हूँ.

उन्होंने शिक्षक एवं छात्रों से जीवंत मूल्यों को अपनाने की सलाह देते हुए बच्चों से कहा कि भूखे रह जाना पड़े तो भूखे रह जाओ लेकिन जीवन में कभी ग़लत काम मत करना.

वरिष्ठ शिक्षाविद डॉक्टर भगवान प्रसाद सिन्हा ने बच्चों के समक्ष सुधांशु रंजन का परिचय रखा और बताया कि वे सिर्फ़ पत्रकार ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के कई पुस्तकों के लेखक भी हैं जिनकी किताबें ऑक्सफोर्ड युनिवर्सिटी प्रेस और नेशनल बुक ट्रस्ट जैसी विश्व विख्यात लब्धप्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थानों ने शाया की हैं.
स्वागत भाषण अंग्रेज़ी की शिक्षिका अस्मिता कुमारी ने दिया.

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन के साथ प्रधानाध्यपक बिनोद कुमार राम ने धन्यवाद ज्ञापन भी किया. मंच संचालन शिक्षक सुजीत कुमार ने किया. ज़िला शिक्षा कार्यालय अनुसचिवीय कर्मचारी महासंघ के मंत्री सिद्धार्थ शंकर शर्मा और नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा के सचिव राजीव कुमार भी मंचासीन थे.

आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों में नमिता कुमारी, प्रज्ञा कुमारी ,शिवानी , अलका कुमारी, अरुण कुमार, नफ़ीस आलम , डेज़ी नज़राना, राजीव कुमार, रश्मि कुमारी,शालिनि कुमारी आदि मौज़ूद थे .

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed