बछवाड़ा-बेगूसराय ::–
विजय श्री ::–
18 मार्च 2020
बेगूसराय में रफ्तार का कहर लगातार जारी है। इस रफ्तार के चपेट में बेगुनाह राहगीर और स्थानीय लोग बराबर हो रहे है। एनएच 28, 31 एवं SH-55 पर रोजाना लोग दुर्घटनाओं के शिकार होते हैं और अपनी जान गवा देते हैं। दुर्घटनाओं का मुख्य कारण गुणवत्तापूर्ण सड़कों का अभाव एवं ट्रैफिक रूल का फॉलो नहीं करना मुख्य कारण है।
आज रफ्तार के चपेट में पिता-पुत्र सहित चार लोग हो गए। जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी। खबरों के अनुसार दो बाइक पर सवार चार लोगों को अज्ञात ट्रक ने रौंद दिया। जिससे एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी गोधना के समीप की है। मृतक की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा पंचायत अंतर्गत करारी गोपालपुर वार्ड संख्या 01 निवासी तिलकेश्वर महतो के पुत्र लडडू लाल महतो के रूप में की गई। वहीं घायल व्यक्ति की पहचान मृतक लड्डू महतो के पुत्र संतोष कुमार और रमेश कुमार एवं गेनौरी महतो के रूप में की गई है। लेकिन गंभीर रूप से घायल संतोष कुमार का भी इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि अन्य दो का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार मृतक अपने रिलेटिव की शादी के सिलसिले में पुत्र संतोष कुमार, भतीजा रमेश कुमार एवं गेनौरी महतो के साथ जा रहे थे। उसी दौरान गोधना स्थित विद्यालय के सामने एनएच-28 पर अज्ञात ट्रक ने दो बाइक्स पर सवार चार लोगों को रौंदते हुए घटनास्थल से फरार हो गया।
इस घटना में एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर हो गयी एवं अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने सभी घायल को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। जहां घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए बेगूसराय रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान घायल संतोष कुमार की भी मौत हो गयी। बताया जाता है कि संतोष कुमार की शादी इसी महीने के 8 तारिख को हुई थी।