बेगूसराय ::–
विजय श्री ::–
26 नवंबर 2019
मंगलवार
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) तथा खेल एवं युवा विभाग,भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 9 से 13 दिसंबर 2019 तक जम्मू कश्मीर के जम्मू विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय वॉलीबॉल (बालक) अंडर-17 की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बिहार टीम में बेगूसराय के 5 खिलाड़ियों के साथ टीम कोच का चयन किया गया है।
प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व इन खिलाड़ियों को 15 दिवसीय प्रशिक्षण कैम्प 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित हो रही है। जिसमें बेगूसराय जिले के चयनित खिलाड़ियों के साथ ही अन्य जिलों के चयनित कुल 18 खिलाड़ी कुशल प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
विदित हो कि राज्यस्तरीय विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन विगत दिनों बेगूसराय के गाँधी स्टेडियम में 19-22 अक्टूबर तक आयोजित किया गया था। जिसमें बेगूसराय की टीम अंडर-17 की उपविजेता रही थी।
बेहतर खेल के आधार पर बेगूसराय के खिलाड़ी अंकेश कुमार, सत्यम कुमार, मो. आफताब, केशव कुमार मिश्रा तथा अभिजीत कुमार का चयन बिहार टीम में हुआ है। जबकि टीम के कोच के रूप में बेगूसराय जिले के एन आई एस वॉलीबॉल कोच सह पूर्व खिलाड़ी BMP- 8 के जवान रातगाँव निवासी अमन कुमार का चयन किया गया है। अमन कुमार के नेतृत्व में दिये गए प्रशिक्षण के उपरांत ही बेगूसराय की तीनों टीम राज्य वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में पहुँची थी।
जिले से एक साथ 5 खिलाड़ियों और कोच का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु होने पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा भुवन कुमार, जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक रणधीर कुमार, अरविंद सिंह, अशोक कुमार, रंजन कुमार, चिरंजीव ठाकुर, कार्यालय कर्मी अरविंद मिश्रा, वॉलीबॉल के पूर्व खिलाड़ी रामाज्ञा सिंह, पंकज कुमार, कृष्ण कुमार, राष्ट्रीय रेफरी दिलीप कुमार सिंह, खिलाड़ी सम्भू कुमार, सुभम कुमार ने इन खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की सुभकामना व्यक्त की है।