Sun. Jul 20th, 2025

अयोध्या विवाद पर आगामी दिनों होने वाली न्यायिक निर्णय के परिप्रेक्ष्य में विधि व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त

भोजपुर(आरा) ::–

बबलू कुमार-

8 नवंबर 2019

शुक्रवार

भोजपुर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कृषि भवन स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में अयोध्या विवाद पर आगामी दिनों होने वाली न्यायिक निर्णय के परिप्रेक्ष्य में विधि व्यवस्था के संधारण हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक की तथा आवश्यक निर्देश दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एलर्ट मोड में रहने, स्थिति पर कड़ी नजर रखने, लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थानाध्यक्ष को अपने अपने थाना क्षेत्र के अंतर्गत सभी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की सूची तैयार करने तथा प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग हेतु टीम का गठन करने ,रूट निर्धारित करने तथा अधिकारी एवं पुलिस बल चिन्हित कर सूची तैयार करने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में दोनों धार्मिक संप्रदाय के लोगों के साथ सामाजिक सद्भाव एवं शांति बनाए रखने हेतु आवश्यक एहतियात बरतने का निर्देश दिया है।

जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम को सक्रिय करने तथा विधि व्यवस्था की मॉनिटरिंग हेतु सशक्त एवं प्रभावी टीम का गठन करने का निर्देश दिया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्क्षण एवं त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सामाजिक सद्भाव भंग करने वाले तथा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा है कि हर हाल में सांप्रदायिक सौहार्द्र एवं शांति कायम रखी जाएगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारी के वाहन को वायरलेस सिस्टम से लैस करने का निर्देश दिया है। सभी संबंधित अधिकारियों को मुख्यालय में बने रहने का सख्त निर्देश दिया गया है। उन्होंने मूर्ति चोरी की घटनाओं पर भी विशेष नजर रखने तथा त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

प्रत्येक अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक ड्रॉप गेट के स्थापन हेतु स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को विधि व्यवस्था की ड्यूटी को प्राथमिकता के तौर पर गंभीरता से लेने का निर्देश दिया है तथा समाज में शांति व्यवस्था तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

बैठक में अपर समाहर्ता  कुमार मंगलम, अनुमंडल पदाधिकारी सदर अरुण प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर सुनील कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पीरों सुनील कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अम्ब्रीश राहुल, सहायक उत्पाद आयुक्त विकास कुमार सिन्हा सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed