न्यूज़ डेस्क, भोजपुर/तरारी, बबलू कुमार।।
@ स्थानीय भाजपा विधायक की कंपनी पर गलत तरीके से जमीन लेने का आरोप, दलितों को पर्चा मिलने के बाद भी जमीन से किया जा रहा है बेदखल
@ प्रशासनन दिया जांच का आदेश
भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड में दलित एवं गरीब किसानों की जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि सरकार द्वारा जमीन का पर्चा मिलने के बावजूद स्थानीय विधायक विशाल प्रशांत की कंपनी द्वारा गरीब दलित किसानों की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

गरीब दलित किसान वर्षों से जमीन पर कर रहे हैं खेती
धरना पर बैठे पीड़ित किसानों का कहना है कि उन्हें वर्षों पहले सरकार की ओर से जमीन का पर्चा दिया गया था, उस जमीन पर सभी दलित गरीब खेती कर रहे हैं। जिससे वे अपनी जीविका चला सकें। लेकिन अब उस जमीन पर खेती करने से रोका जा रहा है और दबाव बनाकर जमीन खाली कराने की कोशिश की जा रही है। साथ ही किसानों ने कहा कि बड़े-बड़े जेसीबी मशीन लगाकर मेरे पर्चा मिले जमीन को कंपनी खोलने के नाम पर मिट्टी की खुदाई भी की जा रही है।

भाकपा माले पार्टी ने कहा तरारी भाजपा विधायक की कंपनी कब्जा कर रही है गरीबों की जमीन
वही धरना पर बैठे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता संजय कुमार ने कहा कि तरारी भाजपा विधायक विशाल प्रशांत की कंपनी है,विधायक से जुड़ी कंपनी के लोग जमीन पर कब्जा कर रहे हैं और विरोध करने पर डराने-धमकाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। किसानों गरीबों का कहना है कि वे न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
धरना पर बैठे तरारी प्रखंड के किसानों ने कहा यह मामला केवल जमीन का नहीं बल्कि दलित और गरीब तबके के अधिकारों का भी है। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन का रूप ले सकता है।
वहीं, इस पूरे मामले में प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

जिलाधिकारी भोजपुर करवा रहे हैं मामले की जांच
इस संबंध में धरना पर बैठे जनवादी नेता रितेश यादव का कहना है कि भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा पिरो अनुमंडलपदाधिकारी और भूमि उप समाहर्ता पिरो को मामले की जांच दी गई है। अब देखना है कि जांच में क्या होता है। साथ ही जनवादी नेता रितेश यादव ने कहा कि आज 9 दिन से क्षेत्र के गरीब दलित किसान धरना पर बैठे है लेकिन धरना पर बैठे लोगों को कोई पूछने वाला नहीं है।
तरारी प्रखंड में दलित किसानों की जमीन को लेकर उठे इस विवाद ने एक बार फिर से गरीबों के अधिकार और जमीन सुरक्षा के मुद्दे को सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि भोजपुर प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई करता है।
धरना को संबोधित करने वाले जन क्रांति नेता सुजीत कुशवाहा, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र प्रताप सिंह, जिला परिषद सदस्य राजद युवा नेता शैलेंद्र राम, के साथ क्षेत्र के क्षेत्रीय नेता उपस्थित थे।

