Sat. Feb 14th, 2026

मैट्रिक परीक्षा 17 से 25 फरवरी तक दो पालियों में होगी आयोजित, आधा घंटा पहले पहुंचे सेंटर

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

माध्यमिक (मैट्रिक) वार्षिक परीक्षा–2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर प्रेक्षा गृह सह आर्ट गैलरी, कंकौल में सभी केंद्राधीक्षक, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय, अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच), जिला भूअर्जन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर समाहर्ता द्वारा परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, समयबद्ध प्रवेश, कदाचार-निरोधी उपाय, संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी, दंडाधिकारियों की भूमिका तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे तथा इसकी निगरानी सीसीटीवी के माध्यम से की जाएगी। सभी परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुँचने की अपील की गई है।
साथ ही, अपर समाहर्ता द्वारा पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक) को संभावित जाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित माध्यमिक (मैट्रिक) वार्षिक परीक्षा-2026 को पूर्णतः कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन, बेगूसराय ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से जारी विस्तृत आदेश के तहत जिले के सभी 43 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक प्रबंधन के कड़े प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 09:30 बजे से तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से प्रारंभ होगी। परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश क्रमशः 09:00 बजे और 01:30 बजे तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के व्यासार्द्ध में परीक्षा अवधि तक BNSS की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस क्षेत्र में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश, फोटोकॉपी दुकानों का संचालन तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक केंद्र पर स्थिर दंडाधिकारी, सशस्त्र पुलिस बल एवं महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि गश्ती दंडाधिकारी तथा जोनल एवं सुपर जोनल पदाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे।

परीक्षार्थियों की दो चरणों में सघन तलाशी ली जाएगी—पहली मुख्य द्वार पर तथा दूसरी परीक्षा कक्ष में वीक्षकों द्वारा। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को केंद्र के अंदर ले जाना दंडनीय अपराध होगा। केवल प्रवेश पत्र तथा नीले या काले बॉल पेन की अनुमति रहेगी। बोर्ड के निर्देशानुसार जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा।

संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है तथा आवश्यक गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। जिला स्तर पर स्थापित परीक्षा नियंत्रण कक्ष परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर सक्रिय रहेगा, जहाँ से संपूर्ण व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जाएगी।

प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। वीक्षकों को यह प्रमाणित करना होगा कि उनके कक्ष में किसी भी छात्र के पास आपत्तिजनक सामग्री नहीं है। कदाचार की स्थिति में संबंधित छात्र के साथ-साथ वीक्षक एवं केंद्राधीक्षक पर भी बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में विशेष आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिला कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया गया है।
जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे शांतचित्त होकर परीक्षा दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुचित गतिविधि से दूर रहें। अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएँ और स्वच्छ एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन में प्रशासन का सहयोग करें।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed