न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिले के शाम्हो-अकहा-कुरहा प्रखंड में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए जीविका दीदियों द्वारा निर्मित पोशाकों का वितरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा इस पहल को बाल कल्याण एवं सामुदायिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पूजा प्रीतम , जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सुश्री पूजा कुमारी , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीएम जीविका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं बच्चे उपस्थित रहे।

डीपीआरओ ने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से न केवल आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
डी पी एम जीविका श्री अविनाश कुमार ने कहा कि यह पहल जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इन पोशाकों का निर्माण पूरी तरह से स्थानीय जीविका समूहों द्वारा किया गया है, जो ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को साकार करता है तथा ग्रामीण आजीविका को मजबूती प्रदान करता है।

कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित बैनर एवं तस्वीरों के माध्यम से सिलाई केंद्रों में कार्यरत महिलाओं की कड़ी मेहनत, उनकी दक्षता तथा आधुनिक मशीनों के उपयोग को दर्शाया गया, जो स्थानीय स्तर पर कौशल विकास और स्वरोजगार की सशक्त मिसाल प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम का समापन बच्चों को शुभकामनाएं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

