न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिले में ‘टीम साईं की रसोई’ ने जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में आगे आकर फिर पेश की मिसाल। बेटी की शादी केवल किसी एक परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सजग और संवेदनशील समाज की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए टीम साईं की रसोई ने एक जरूरतमंद माँ की बेटी की शादी में उपयोग होने वाले घरेलू सामान एवं भोज्य सामग्री उपलब्ध कराकर समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
सहायता प्राप्त कर जरूरतमंद माँ ने खुशी के आंसुओं के साथ टीम साईं की रसोई एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर टीम साईं की रसोई के खाद्य मंत्री पंकज कुमार, गौरव मित्तल, रौनक अग्रवाल एवं प्रवीण कुमार ने कहा कि जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में सहयोग करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। जैसे ही इस परिवार की स्थिति की जानकारी मिली, समाज के लोगों ने मिलकर आवश्यक सामान एकत्र करने का बीड़ा उठाया और जनसहयोग से बेटी की शादी में भरपूर मदद की गई।

उन्होंने समाज की अन्य महिलाओं एवं नागरिकों से भी अपील की कि वे ऐसे सामाजिक कार्यों में आगे आएँ और अपने आसपास के जरूरतमंद परिवारों की सहायता करें, जिससे समाज में आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना बनी रहे।
रसोई टीम के सदस्य विक्की भाटिया, अंकित कुमार एवं शैलेन्द्र ने जानकारी दी कि बेटी को पाँच साड़ियाँ, पायल, नाक की कील, बिछिया, बर्तन सेट, श्रृंगार सामग्री, सैंडल, आयरन, पंखा, मिक्सी, वर के कपड़े, गला सेट, ट्रॉली तथा लगभग 100 बारातियों के लिए भोज्य सामग्री सहित बड़ी मात्रा में आवश्यक सामान प्रदान किया गया, जो निश्चित रूप से विवाह में सहायक सिद्ध होगा।
इतनी सारी सामग्री पाकर बेटी के परिवारजन अत्यंत प्रसन्न हुए और टीम साईं की रसोई को ढेरों आशीर्वाद देकर विदा हुए। इस मौके पर कुणाल, ग्रीन वैली स्कूल के राजा कुमार, शंकर, प्रशांत, गौरव मित्तल, रौनक, अंकित, शैलेन्द्र, सहित रसोई टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

