Sun. Feb 8th, 2026

मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं के बीच मत्स्य विपणन किट एवं आइस बॉक्स युक्त थ्री-व्हीलर का वितरण

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

जिला मत्स्य कार्यालय, बेगूसराय के तत्वावधान में आज सामुदायिक भवन, बाघा में मुख्यमंत्री मत्स्य विपणन योजना एवं मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के अंतर्गत एक भव्य वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय मंत्री, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, श्री सुरेन्द्र मेहता द्वारा मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं के बीच मत्स्य विपणन किट एवं आइस बॉक्स युक्त थ्री-व्हीलर का वितरण किया गया।

मुख्यमंत्री मत्स्य विपणन तथा मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के अंतर्गत कुल 170 मत्स्य विपणन किट एवं 10 आइस बॉक्स युक्त थ्री-व्हीलर लाभार्थियों के बीच वितरित किए गए। मत्स्य विपणन किट में सड़क किनारे एवं बाजारों में मछली विक्रय करने वाले विक्रेताओं के लिए छतरी, फेंका जाल, स्टेनलेस स्टील कटर, आइस बॉक्स तथा तराजू जैसे आवश्यक उपकरण शामिल हैं। वहीं, थ्री-व्हीलर के माध्यम से मछली के सुरक्षित परिवहन एवं ताजी मछली की उपलब्धता सुनिश्चित करने का उद्देश्य रखा गया है।

इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री रणजीत कुमार ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को भारी अनुदान प्रदान किया जा रहा है। ग्रामीण मत्स्य विपणन किट की इकाई लागत ₹19,000 तथा शहरी मत्स्य विपणन किट की इकाई लागत ₹25,000 निर्धारित है, जिस पर 70 प्रतिशत तक का सरकारी अनुदान दिया जा रहा है। वहीं, आइस बॉक्स सहित थ्री-व्हीलर की इकाई लागत ₹3.00 लाख है, जिस पर 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है।

कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय मंत्री श्री सुरेन्द्र मेहता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इन आधुनिक उपकरणों के उपयोग से मछली की गुणवत्ता बनाए रखने में सहायता मिलेगी तथा मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सरकार मछुआ समुदाय के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में उप मत्स्य निदेशक, मुंगेर श्री शैलेंद्र कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार कुमुद, जिला गव्य विकास पदाधिकारी श्री आनंद कुमार सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed