न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसरायके लिए गौरव की बात है जब खेल के क्षेत्र में हमारे खिलाड़ी एक से एक पदक अपने नाम कर रहे हैं। इसी सिलसिले में बीकानेर (राजस्थान) मे चल रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में बिहार ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है।
बेगूसराय की प्रतिभाशाली बेटी खुशबू कुमारी ने महिला 77 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 180 किलोग्राम (स्नैच + क्लीन एंड जर्क) भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खुशबू का यह स्वर्णिम प्रदर्शन न केवल मगध विश्वविद्यालय को गौरवान्वित करता है, बल्कि
बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ, बिहार भारोत्तोलक संघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के लिए भी अत्यंत गर्व का क्षण है।
बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष शिक्षाविद राजकिशोर सिंह ने कहा की “बेगूसराय की इस होनहार खिलाड़ी ने अपने दृढ़ निश्चय, मेहनत और कौशल के दम पर बेगूसराय, बिहार का मान एक बार फिर ऊँचा किया है। उनकी जीत ने राज्य भर के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा और उत्साह दिया है।”
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सह अंतर्राष्ट्रीय रेफरी रजनीश भास्कर, जो पहले से ही खेलों के जूरी निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में उपलब्ध हैं, ने बताया कि खुशबू एक बहुत ही मेहनती और अनुशासित एथलीट है, जिसकी इस उपलब्धि के बाद बेगूसराय और पूरे बिहार के अन्य महिला एथलीट प्रेरित होंगे।
खुशबू को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बिहार वेटलिफ्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अरुण ओझा जी, पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार केसरी, फिल्म अभिनेता अमिय कश्यप, महासचिव उपेन्द्र कुमार, उपाध्यक्ष शिप्रा सोनी, भूपति गौतम, अभिषेक, रोहन, मुकेश,सतीश गिरीरेश सहित सभी खेल पदाधिकारी ने हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं।
आपको बता दें कि इस खेल में बिहार से केवल 2 एथलीट पटना की खुशी कुमारी और बेगुसराय की खुशबू कुमारी का चयन हुआ था। जिसमें खुशी कुमारी ने 58 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता और खुशबू कुमारी ने 77 किग्रा में सोना जीता। ख़ुशबू यूनिवर्सिटी गेम्स के वेटलिफ्टिंग इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली बिहार की पहली महिला एथलीट बनी।

