Mon. Oct 20th, 2025

बिहार के उपमुख्यमंत्री ने सिमरिया धाम गंगा घाट पर लगाया डुबकी, गंगाजल भरकर अशोक धाम तक की यात्रा कर किया जलाभिषेक

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को बेगूसराय स्थित प्राचीन और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण सिमरिया धाम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पवित्र गंगा स्नान किया एवं इसके उपरांत चौसठ योगिनी माता काली की मंदिर में पूजा अर्चना किया। उपमुख्यमंत्री ने यहां से अशोक धाम तक आयोजित होने वाली ‘अमृत लकी महोत्सव यात्रा’ की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि आज आनंद चतुर्दशी का पावन पर्व है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुराणों के अनुसार इसी दिन समुद्र मंथन हुआ था और माँ लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ था। सिमरिया धाम सनातन संस्कृति का एक प्राचीन केंद्र है, जहां पहले कुंभ मेला आयोजित होता था, लेकिन विदेशी आक्रमणों के कारण यह परंपरा बाधित हुई। अब यह पुनः अपनी सांस्कृतिक धारा को पुनर्जीवित कर रहा है।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ‘अमृत लकी महोत्सव यात्रा’ में सिमरिया धाम से अशोक धाम तक का आयोजन किया जाएगा, जहां महा रुद्राभिषेक, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस मौके पर प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी भी विशेष प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम मिथिला, मगध और अंग की सांस्कृतिक त्रिवेणी को जोड़ते हुए युवाओं को अपनी विरासत और सनातन धर्म से परिचित कराएगा।

पत्रकारों के द्वारा पूछे गए सवालों पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष के खिलाफ कड़ी टिप्पणियां करते हुए कहा कि केरल में बिहारियों की तुलना बीड़ी से करने जैसे घटिया मानसिकता विपक्ष की नकारात्मक सोच का परिचायक है। उन्होंने कहा, “हम सनातन संस्कृति में सभी जीवों का सम्मान करते हैं। नकारात्मकता और अपमान को समाप्त करने के लिए हमें ईश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए। जो लोग शक्ति का अपमान करते हैं, उनका नाश निश्चित है।”

वहीं, उन्होंने लालू प्रसाद यादव के हालिया बयान “विक्ट्री बिहार में और फैक्ट्री गुजरात में नहीं चलेगा” पर भी पलटवार किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “वे लोग जो बिहार को गाली देते हैं, बिहारियों को पलायन के लिए मजबूर करते हैं और राज्य की प्रगति में बाधक हैं, अब अंतिम चरण में हैं। लालू यादव अपने पुत्र मोह में बिहार को अशांत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बिहार के लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे।”

विजय कुमार सिन्हा ने जोर देकर कहा कि बिहार अब शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ विकास के ‘अमृतकाल’ की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति के लिए ठोस प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने बिहारवासियों से इस संकल्प को मजबूत करने और राज्य को समृद्धि के नए मुकाम पर ले जाने का आह्वान किया। मौके पर स्वामी चिदात्मान जी महाराज, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, नगर विधायक कुंदन कुमार,भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष रूदल राय, जिला मंत्री शुभम कुमार ,नीलमणि कुमार,नीरज कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed