Thu. Apr 24th, 2025

भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह को मिली जमानत :: आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का था मामला

बेगूसराय ::–

 

विजय श्री ::–

भाजपा के फायर ब्रांड नेता सह बेगूसराय से भाजपा के प्रत्याशी गिरिराज सिंह को आज न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। न्यायालय ने आचार संहिता उल्लंघन मामले में गिरिराज सिंह को आज जमानत दे दी है।

आज गिरिराज सिंह की तरफ से बेगूसराय सीजीएम कोर्ट में जमानत की अर्जी दाखिल की गई थी। जिसे फौरी तौर पर सुनने के बाद न्यायालय ने गिरिराज सिंह को जमानत दे दी।

आप को बता दे की बेगूसराय के उप निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार ने नगर थाना कांड संख्या 221/ 2019 दर्ज करा कर भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह पर यह आरोप लगाया था कि दिनांक 24 अप्रैल 2019 को जीडी कॉलेज में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली में गिरिराज सिंह ने धार्मिक विद्वेष फैलाने वाली बातें कही थी।

उक्त कांड में भारतीय दंड विधान की धारा 153, 295 सहित अन्य धाराओं में दर्ज किया गया था।

आज मंगलवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ठाकुर अमन कुमार के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जमानत की गुहार लगाई।

गिरिराज सिंह के अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार अमर ने न्यायालय में गिरिराज सिंह की ओर से बहस करते हुए कहा कि गिरिराज सिंह के वक्तव्य का उद्देश्य केवल इतना है कि प्रत्येक भारतीय को वंदे मातरम कहना चाहिए, वंदे मातरम का स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर अब तक एक खासा महत्व है और भारतीय संविधान में भी इसे स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण वक्तव्य में वंदे मातरम कहने का मात्र आग्रह है, ना की कोई दबाव। यह मामला मीडिया में उनके वक्तव्य को तोड़ मरोड़ कर पेश करने के कारण दर्ज हुआ है।
न्यायालय ने गिरिराज सिंह को तत्काल जमानत दे दी।

गिरिराज सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि मैं न्यायालय एवं भारतीय संविधान का सम्मान करता हूं और इसी के तहत जब मुझ पर मामला दर्ज हुआ था तो मैं आज न्यायालय में जमानत की अर्जी दाखिल की थी। गिरिराज सिंह ने कहा कि वंदे मातरम हर भारतीयों को बोलना चाहिए और आगे भी मैं इस बात पर कायम हूं कि वंदे मातरम कहने पर कभी किसी को कोई तकलीफ नही होनी चाहिए।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि भारत हमारी ही नहीं हर एक भारतीय की माता है और मां-बाप का सम्मान करना पुत्र का कर्तव्य होता है।

न्यायालय के बाहर इस मौके पर जदयू जिला अध्यक्ष भूमिपाल राय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विनोद हिसारिया, भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पू, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष रंजन, वशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी शुभम कुमार, मृत्युंजय वीरेश, पूर्व विधायक ललन कुमार, देवानंद कुशवाहा सहित सैकड़ों राजग कार्यकर्ता उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed