न्यूज डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
भारतीय भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष श्री सहदेव यादव की अनुशंसा पर भारतीय प्रतिनिधित्व के रूप में 2025 IWF युवा और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में कार्य करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ के द्वारा डॉ. रजनीश भास्कर को अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
यह चैंपियनशिप 30 अप्रैल से 5 मई तक पेरू (दक्षिण अमेरिका) के लीमा शहर में आयोजित की जा रही है। डॉ. रजनीश ने अपनी नियुक्ति के लिए अपने गुरु एवं वेटलिफ्टिंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सहदेव यादव जी के प्रति आभार व्यक्त किया है। जो हमेंशा से युवाओं को टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में काम करने का मौका देते रहे हैं।
डॉ. रजनीश ने बताया कि वो पहले भी एशियन चैंपियनशिप, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप और यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी के रूप में काम कर चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर भी 50 से अधिक वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में तकनीकी अधिकारी के रूप में काम काम करने का अनुभव है। वर्तमान में बिहार राज्य में 2025 में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए भारोत्तोलन प्रतियोगिता निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। डॉ रजनीश भास्कर वर्तमान में बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष और बिहार भारोत्तोलक संघ की तकनीकी समिति के अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
डॉ. भास्कर की इस उपलब्धि के लिए बिहार वेटलिफ्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण ओझा, पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार केसरी महासचिव उपेन्द्र कुमार साहित बिहार और बेगुसराय जिले के सभी खेल प्रेमियों ने शुभकामनाऐं और बधाई दी।