बेगूसराय ::–
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने बछवाड़ा विधान सभा के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान व नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। इसके तहत लोगों से अपने समर्थन की अपील की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज हम सब विकास को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए चुनाव के मैदान में उतरे हैं। जबकि विपक्ष में राजनीतिक स्मिता को बचाए रखने के लिए मैदान में उतरा है। तेज विकास के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए कृत संकल्पित भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले 5 वर्षों में जितने फैसले लिए हैं, वो उनके दृढ़ इच्छाशक्ति का एक नमूना है।
जनसंपर्क के दौरान उन्होंने मौजूद महिलाओं से अपने समर्थन की अपील करते हुए कहा कि भारतीय सभ्यता संस्कृति के अनुरूप नारी शक्ति का केंद्र रही हैं और उसी शक्ति को केंद्र मानकर आज भारत सरकार ने विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को नारी शक्ति के हाथ में सौंपा है। नारी सशक्तिकरण के नाम पर आज भारत वैश्विक शक्तियों के साथ चलने को तैयार है।
उन्होंने बेगूसराय में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि आज बेगूसराय का हर एक व्यक्ति विकास के कार्य की प्रशंसा कर एक बार पुनः विकास को गति देने के लिए केंद्र में फिर से मोदीजी की अगुवाई वाली मजबूत सरकार बनाने को मन बना चुका है। जबकि विपक्ष केवल और केवल अंध विरोध में विकास के कार्यों को झूठा साबित करने में लगा हुआ है।
भाजपा कार्यकर्ता एवं कार्यालय पर हमला
भाजपा जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने चुनाव प्रचार के दौरान वामपंथ के उम्मीदवार कन्हैया की मौजूदगी में उसके समर्थकों द्वारा कोरैय गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वामपंथ की राजनीति सदैव से खून खराबे पर टिकी हुई है और एक बार फिर से बाहरी ताकतों के दम पर बेगूसराय की धरती को रक्त-रंजीत करने की कोशिश की जा रही है। बेगूसराय में वामपंथ के खत्म होते जनाधार से अपनी हार को भांप कर बौखलाहट की स्थिति में आकर बेगूसराय की विधि व्यवस्था को प्रभावित करने में लगे हुए हैं।
उन्होंने तेघड़ा में पार्टी कार्यालय एवं प्रचार वाहन पर हुए हमले का जिक्र करते हुए भी कहा कि विपक्ष लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार कर अपनी विकृत मानसिकता को निरंतर प्रदर्शित कर आपसी सौहार्द व समरसता को प्रभावित कर बेगूसराय की एकता अखण्डता को खंडित करने में लगा है।
22 अप्रैल सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगमन
लोकसभा मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह जी के समर्थन में बिहार को विकास के पथ पर अग्रसर रखने वाले विकास पुरुष माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगमन बखरी के रामपुर कॉलेज परिसर में 22 अप्रैल को 12:10 पर होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन की सारी तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है और एनडीए के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुनने हेतु उत्साहित हैं।
साथ ही उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह, राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा भी 22अप्रैल को गिरिराज सिंह के समर्थन में साहेबपुरकमाल विधानसभा एवं मटिहानी विधानसभा में जनसम्पर्क कर आमजनमानस से एक बार फ़िर मोदी सरकार बनाने की अपील करेंगे। इस मौके पर एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।