बेगूसराय, विजय कुमार सिंह
@ राज्य से मिले ट्रॉफी को उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ने जिलाधिकारी बेगूसराय को किया समर्पित।
@ बेगूसराय के खिलाड़ियों में आगे बढ़ने की असीम क्षमता – जिलाधिकारी
कला, संस्कृति एवम युवा विभाग, बिहार सरकार के द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2021-22 में शानदार प्रदर्शन हेतु विगत दिनों पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कंकरबाग पटना के सभागार में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के द्वारा आयोजित किए गए विद्यालय खेल सम्मान *”दक्ष”* कार्यक्रम में बेगूसराय जिले को दूसरा स्थान (2nd Position) प्राप्त करने के लिए मिले ट्रॉफी को आज कारगिल विजय भवन में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा के द्वारा जिलाधिकारी बेगूसराय को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर राज्य स्तर पर मेडल प्राप्त करनेवाले बेगूसराय जिले के विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को जिलाधिकारी श्री रौशन कुशवाहा के द्वारा प्रमाणपत्र वितरित किया गया।
इस अवसर पर मौजूद खिलाड़ियों, खेल शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री रौशन कुशवाहा ने कहा कि बेगूसराय जिले के खिलाड़ियों में असीम क्षमता है, राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त करना गौरव की बात है जिले के खिलाड़ियों ने अपने बेहतर प्रदर्शन से जिले को सम्मान दिलाया है,आशा करते हैं आने वाले वर्षों में जिला बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त करे इसके लिए सभी खेल संघों, शारीरिक शिक्षकों एवम खिलाड़ियों को रणनीति अपनाकर लक्ष्य की की दिशा में कठिन मेहनत करनी होगी। जिला प्रशासन का हरसंभव सहयोग जिले के खिलाड़ियों को मिलता रहेगा।
इस अवसर पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा श्री निशांत कुमार ने विगत वर्षों में खेल के क्षेत्र में बेगूसराय जिले की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि बेगूसराय जिले के खिलाड़ियों ने विगत वर्षों में अपने मेहनत से शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2017 में 33, वर्ष 2018 में 53,वर्ष 2019 में 95 खिलाड़ियों ने बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया है। वर्ष 2022 में विभिन्न खेलों के 214 खिलाड़ियों को नगद पुरुस्कार राज्य की ओर से मिले हैं। विगत वर्ष जिले ने राज्यस्तरीय विद्यालय खेलों में कबड्डी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, ताइक्वांडो, कराटे एवम बास्केटबॉल में आठ विजेता ट्राफी, छः उप विजेता ट्राफी एवम दो तीसरे स्थान के लिए ट्राफी जीता है। आगे के वर्षों में अन्य खेलों पर भी मेहनत कर ट्राफी जितने का प्रयास किया जाएगा।
खेल पदाधिकारी ने कहा कि जिले में जल्द ताइक्वांडो एकलव्य सेंटर खुल रहा है। इसके बाद वॉलीबॉल एवम कबड्डी एकलव्य सेंटर खोलने हेतु प्रयास रत हैं। जल्द ही ज़िले को खेल भवन सह व्यायामशाला की सौगात मिलेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में जिले के रिया कुमारी एवम आरती कुमारी, बॉल बैडमिंटन के युक्त रानी एवम पूनम कुमारी तथा फुटबॉल के प्रियंका कुमारी को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार, बृजेश कुमार, कबड्डी संघ के जिला सचिव श्यामनंदन सिंह पन्नालाल,कबड्डी कोच नव्या कुमारी,अंकिता कुमारी,वॉलीबॉल कोच कृष्ण कुमार,ताइक्वांडो कोच नीरज कुमार,शारीरिक शिक्षा एवम स्वास्थ्य अनुदेशक गौरव कुमार, साशिकांत कुमार सहित दर्जनों खिलाड़ी मौजूद थे।