बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बैरियर कर्मियों की पिटाई से मृत रिक्शा चालक के परिवार को ₹20 लाख मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग तथा वीर कुंवर सिंह चौक पर बैरियर की अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग को लेकर विकासशील इंसान पार्टी ई रिक्शा यूनियन के कार्यकर्ताओं ने आज वीर कुंवर सिंह चौक पर विरोध प्रदर्शन किया।
मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विकासशील इंसान पार्टी ई रिक्शा यूनियन अध्यक्ष समीर सिंह चौहान ने कहा कि नगर निगम के द्वारा बैरियर वसूली के नाम पर संवेदनहीन रवैया अपनाया जा रहा है। बेगूसराय के हर चौक चौराहे पर एक राक्षस खड़ा है जो गरीब ई रिक्शा चालको को प्रताड़ित करता है। उनके साथ मारपीट और गाली गलौज तो आम बात है। हमारा यूनियन गरीब रिक्शा चालक के लिए इंसाफ की मांग करता है। उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 20 लाख रुपया मुआवजा देने की मांग करता है।
वीर कुंवर सिंह चौक पर हो रही बैरियर की अवैध वसूली पर युद्ध स्तर पर रोक लगाने की मांग करता है। बेगूसराय रेलवे स्टेशन के उत्तर चलने बाले ई रिक्शा चालकों के लिए नगर निगम के द्वारा ना तो स्टैंड की व्यवस्था की गई है ना ही किसी प्रकार की सुविधा दी गई है। आरपीएफ और जीआरपी की मेहरबानी पर ई रिक्शा स्टैंड चल रहा है। ऐसी स्थिति में नगर निगम के द्वारा बैरियर वसूली पूर्णरूपेण अवैध है। मांगों की पूर्ति नहीं होने पर विकासशील ई रिक्शा यूनियन के कार्यकर्ता उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होंगे।
कार्यक्रम का नेतृत्व विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ठाकुर कुंदन कुमार शर्मा ने किया। मौके पर मोहम्मद इरशाद, संतोष कुमार, मोहम्मद इस्माइल, उमेश साहनी, दीपक पासवान, साहिल सिन्हा, दिनेश राम, अखिलेश महतो के साथ कई लोग उपस्थित थे।