Fri. Jul 18th, 2025

बेगूसराय :: उत्साह के साथ क्रीड़ा भारती के द्वारा आयोजित किया गया 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम

 

बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ 14 जनवरी (मकरसंक्रांति) से 7 फरवरी (सूर्यसप्तमी) तक किया गया 6 लाख से अधिक सूर्यनमस्कार

आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर देश भर में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 75 करोड़ सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के तहत बेगूसराय जिले में क्रीड़ा भारती के नेतृत्व में संघ के अनुषांगिक संगठनों के द्वारा उत्साह एवं समर्पण के साथ सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उत्तर बिहार प्रांत में 14 जनवरी (मकरसंक्रांति) के अवसर पर प्रारंभ किए गए कार्यक्रम में बेगूसराय जिले ने बढ़चढ़ कर अभियान में भाग लेते हुए 7 फरवरी (सूर्यसप्तमी) तक कुल 6 लाख 22 हजार 914 सूर्यनमस्कार किए, जिसमें क्रीड़ा भारती, संघ का शारीरिक शिक्षा विभाग,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, हिंदू जागरण मंच, राष्ट्र सेविका समिति, गायत्री परिवार, पतंजलि योगपीठ संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बेगूसराय जिले में इस अभियान के संयोजक सह क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री रंधीर कुमार के अनुसार 75 करोड़ सूर्यनमस्कार अभियान बेगूसराय जिले के 11 खंडों (बलिया, बेगूसराय, साहेबपुरकमाल, डंडारी, मटिहानी, बरौनी, भगवानपुर, बछवाड़ा, तेघरा, वीरपुर एवं मंसूरचक) एवं 5 नगर क्षेत्रों (नगर निगम, बीहट, बलिया, बखरी, तेघड़ा) में आयोजित किए गए, कुल 15 स्थानों पर सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित हुए।

वहीं जिले के 45 गांवों तथा नगर के 20 बस्तियों के 865 परिवारों ने अपने परिवार के साथ 1 से 7 फरवरी तक अपने अपने घरों में सूर्य नमस्कार किये। उत्तर बिहार प्रांत के द्वारा इस अभियान को गति देने तथा अधिक से अधिक सूर्यनमस्कार करने के लिए 1 से 7 फरवरी के बीच विशेष रुप से सूर्यनमस्कार अभियान चलाया गया था। जिसमें सार्वजनिक स्थलों के साथ परिवारों को जोड़ने का आह्वान किया गया था।

जिले में 14 जनवरी से 7 फरवरी के बीच 5577 परिवारों के साथ 19227 पुरुष एवं 11619 महिलाओं ने 6 लाख 22 हजार 914 सूर्यनमस्कार किया। 7 फरवरी (सूर्यसप्तमी) को सर्वाधिक संख्या में 1 लाख 42 हजार 439 सूर्यनमस्कार आयोजित हुए।

संघ के नगर कार्यवाह अभिनव कुमार ने बताया कि 75 करोड़ सूर्यनमस्कार अभियान में बेगूसराय शहर में सबसे ज्यादा सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किये गए। शहर में संगठन की दृष्टि से बनाए गए सात उप नगरों में कुल 370 परिवारों इस कार्यक्रम से प्रतिदिन जुड़े वहीं सार्वजनिक रूप से 8 जगहों पर आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों ने सूर्यनमस्कार किए।

कार्यक्रम के जिला सह संयोजक पवन कुमार ने बताया कि पतंजलि योगपीठ, क्रीड़ा भारती, गीता परिवार, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं योग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के द्वारा देश की आजादी के 75वर्ष के अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75करोड़ सूर्यनमस्कार का एक अनुपम कार्यक्रम आयोजित कर देश को नमन करने का कार्य इन संगठनों ने किया है, पूरे देश में जहां लक्ष्य 75 करोड था वही एक अरब से ज्यादा सूर्यनमस्कार होने की संभावना है। क्रीड़ा भारती ने पूरे देश में बेहतरीन रूप से संगठन के माध्यम से सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया है इसके लिए बेगूसराय जिले सहित उत्तर बिहार प्रांत के संगठनकर्ता, विभिन्न खेलों के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं।

संघ के जिला प्रचारक जितेश कुमार ने कहा कि संघ के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों का सहयोग इस कार्यक्रम को मिला है, ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों परिवार के लोगों ने अपने परिवार के साथ सूर्यनमस्कार कर योग को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

सूर्यनमस्कार जहां शारीरिक रूप से स्वास्थ्यकर है वही शरीर को लचीला बनाने, हड्डी एवं मांस पेशी को मजबूत करने का सबसे बेहतरीन व्यायाम भी है, इसे करने से एक साथ आठ योगासन का लाभ मिलता है इसका निरंतर अभ्यास किया जाए तो जिंदगी में कभी कोई व्यक्ति बीमार नहीं हो सकता है।

कार्यक्रम इस अवसर पर कार्यक्रम के नगर संयोजक प्रभात कुमार ने कहा कि बेगूसराय नगर के कार्यकर्ताओं ने इस अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। संघ की दृष्टि से बनाए गए शहर के 7 उपनगर भामाशाह उपनगर, केशव उपनगर,धन्वंतरि उपनगर,मालवीय उपनगर, चंद्रगुप्त उपनगर एवं विश्वकर्मा उपनगर में संगठन के कार्यकर्ताओं के द्वारा तन्मयता और श्रद्धा के साथ सूर्यनमस्कार के सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं जिसमें 1 से 7 फरवरी तक विशेष रूप से अभियान चलाया गया।

पतंजलि योगपीठ की उमा कुमारी ने कहा की देश की आजादी के 75वें वर्ष में देश को नमन करने हेतु बाबा रामदेव जी के इस अनुपम और अनुठे अभियान में क्रीड़ा भारती एवं अन्य संगठनों का यह प्रयास भारत को परम वैभव तक ले जाएगा जहां हम अपनी सभ्यता और संस्कृति को धीरे-धीरे भूल रहे हैं वहीं देश की आजादी के 75 वर्ष के अवसर पर 75 करोड़ सूर्यनमस्कार के द्वारा राष्ट्र की वंदना करना एक अनुपम भेंट है जिसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है,इस कार्यक्रम ने एक और जहां सूर्य नमस्कार के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक किया है वही पूरे देश में इस अभियान को चला कर अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और बच्चों को इस के माध्यम से योगाभ्यास से जोड़ने का कार्य किया है।

क्रीड़ा भारती के जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत किशोरी ने बताया कि कल 8 फरवरी को प्रशांत आभा विद्यालय, निरालानगर, रतनपुर में सरस्वती उपनगर तथा 9 फरवरी को विकास विद्यालय, डुमरी के प्रांगण में भामाशाह उपनगर के द्वारा विशेष रूप से सूर्यनमस्कार कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया है जिसमें सैकड़ों की संख्या में खिलाड़ी, बच्चे, युवा,छात्र एवं छात्राएं शामिल होंगे,उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में पहुंचकर सूर्यनमस्कार करने की अपील की।

जिले में 75करोड़ सूर्यनमस्कार कार्यक्रम में राजकुमार जी, अमित जी, प्रवीण जी,अमरजीत जी, मनीष जी,मुरारी जी,यसस्वी आनंद,राजा जी, पुरुषोत्तम कुमार,सोनू सरकार, क्रीड़ा भारती के विकास जी, बबीता जी रोशन जी, बाबुल जी, अमन जी,राष्ट्र सेविका समिति की भारती जी, पतंजलि योगपीठ की उमा कुमारी,अरविंद कुमार का विशेष योगदान रहा।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed