मंझौल, बेगूसराय, अविनाश कुमार गुप्ता।।
जिले के चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के मुखिया संघ के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को प्रखंडाधीन मुखिया संघ की बैठक खांजहांपुर मुखिया ज्ञानकला सिन्हा के आवासीय प्रांगण में आयोजित की गई। जिसमें नवनिर्वाचित मुखिया के द्वारा नए सिरे से संगठन का चुनाव किया गया।
इस दौरान निवर्तमान मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष सह मंझौल पंचायत चार के मुखिया राजेश कुमार उर्फ रामलोली को पुनः दूसरी बार संघ के प्रखंड अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। हालांकि इस दौरान खांजहांपुर के मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद महतो ने संघ एवं संगठन के लिए समय देकर मुखिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों की हक हकूक की सुरक्षा एवं आपात स्थिति में संघ संगठन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले मुखिया को ही उक्त पद पर मनोनित करने की अपील की। बावजूद इसके उपस्थित मुखिया के द्वारा दूसरी बार भी मंझौल पंचायत चार के मुखिया पर ही विश्वास जताते हुए दूसरी बार संगठन के प्रखंड अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया।
वहीं अध्यक्ष पद पर मनोनयन के उपरांत विक्रमपुर के मुखिया रमेश सिंह को उपाध्यक्ष, सकरबासा के मुखिया सुरेन्द्र राम को सचिव जबकि महासचिव पद पर चेरिया बरियारपुर के मुखिया रविनेश कुमार राही उर्फ रवीश सिन्हा को मनोनीत किया गया। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर बसही पंचायत के मुखिया निरंजन कुमार निराला एवं गोपालपुर पंचायत के मुखिया आलोक ललन भारती को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।
मौके पर शाहपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बमबम सिंह, मंझौल दो के मुखिया विकेश कुमार, कुम्मी के मुखिया अशोक महतो, मंझौल पंचायत एक के मुखिया प्रतिनिधि विपिन कुमार, मंझौल तीन के सुरेश सहनी, पबड़ा के मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।