बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
पाटलिपुत्र बरौनी मेमू सवारी गाड़ी का विस्तार लखमीनिया तक करने, लोहिया नगर रेलवे गुमटी 47A पर अंडरपास बनाने, बरौनी लखनऊ एक्सप्रेस का विस्तार भागलपुर तक करने, खाली ट्रेन को बेगूसराय से बरौनी ले जाने के विरोध में आज बेगूसराय रेल यात्री सुविधा संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने वीर कुंवर सिंह चौक पर आक्रोश पूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए समीर सिंह चौहान ने कहा कि लगातार बेगूसराय रेलवे स्टेशन और रेल यात्रियों के साथ उपेक्षा पूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। बरौनी से खाली ट्रेन को लाया जाता है और सुबह में खाली ट्रेन को बेगूसराय से बरौनी लाया जाता है। इससे बड़ा मजाक रेल यात्रियों के साथ और कोई नहीं हो सकता।
प्रतिदिन सुबह में बेगूसराय के रेलयात्री हमसफर एक्सप्रेस तथा अन्य गाड़ियों को पकड़ने के लिए भेड़ बकरियों की तरह लदकर बरौनी जाने को मजबूर हैं। दूसरी तरफ सुबह में बेगूसराय से खाली ट्रेन को बरौनी ले जाया जाता है। रात में भी खाली ट्रेन बरौनी से बेगूसराय लाई जाती है। रेलयात्री बस और ऑटो रिक्शा में ज्यादा पैसा खर्च करके भेड़ बकरियों की तरह लदकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
बेगूसराय रेल यात्री सुविधा संघर्ष समिति पाटलिपुत्र बरौनी मेमू सवारी गाड़ी का विस्तार लखमीनिया तक करने की मांग करती है। जिससे रेल यात्रियों को पटना आने जाने में सुगमता हो सके। लंबे समय से रेल यात्री लोहिया नगर रेलवे गुमटी 47Aपर अंडरपास बनाने की मांग कर रहे हैं। बरौनी लखनऊ एक्सप्रेस घंटों तक बरौनी में खड़ी रहती है। उस ट्रेन का विस्तार भागलपुर तक करने से दो शहरों के बीच संपर्क आसान हो जाता। बेगूसराय रेलवे स्टेशन के उत्तर तरफ का विकास ठप है। मांगों की पूर्ति नहीं होने पर रेल यात्री सुविधा संघर्ष समिति चरणबद्ध उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होगी।
कार्यक्रम का नेतृत्व ठाकुर कुंदन कुमार शर्मा ने किया। मौके पर मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद अशरफुल, मोहम्मद जब्बार ,चुनचुन साहनी अखिलेश साहनी दिनेश साहनी अरुण सिन्हा के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।