मुजफ्फरपुर, न्यूज़ डेस्क।।
बिहार के मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कुरकुरे और नूडल्स फैक्ट्री का बॉयलर आज सुबह फट गया। जिससे 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। वहीं बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।
सूचना पर डीएम, एसएसपी सहित कई आला अधिकारी सूचना पाकर घटनास्थल पहुंचे। वस्तुस्थिति का जायजा लिया। बॉयलर फटने का धमाका इतना तेज था कि पांच किलोमीटर तक इसकी आवाज सुनी गई। धमाके के कारण बगल की चूड़ा और आटा फैक्ट्री भी क्षतिग्रस्त हो गया।
फायर ब्रिगेड का कई वाहन घटनास्थल पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य चला रहे है। फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर कितने लोग काम रहे थे, इसकी जानकारी भी नहीं मिल पाई है।
राहत और बचाव कार्य जारी है। इसी बीच ट्रैक्टरों से फैक्ट्री के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया है। आस – पास के लोगों ने बताया कि बॉयलर फटने से जोरदार आवाज हुई। इससे खिड़की और दरवाजे तक हिल गए। यहां काम करने वाले कर्मचारियों के परिजन अपनों को ढूंढ रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन के अधिकारी लोगों को अंदर जाने से रोक रहे हैं। डीएम, एसएसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री से दूर चार से पांच किलोमीटर के क्षेत्र में भूकंप जैसा महसूस किया गया। पूरी फैक्ट्री मलबे में तब्दील हो गई है। आस – पास की फैक्ट्रियों को भी काफी नुकसान हुआ है। फैक्ट्री एरिया को सील कर दिया गया है। नगर विधायक विजेंद्र चौधरी और मेयर राकेश कुमार भी घटना की सूचना पाकर वहां पहुंचे स्थिति से वाकिफ हो रहे हैं।
अंशुल नूडल्स नामक फैक्ट्री में नूडल्स, स्नैक्स जैसे कई उत्पाद बनाए जाते थे। जब यह घटना हुई तब 25 मजदूर बायलर वाले कक्ष में मौजूद थे। शिफ्ट बदलने के दौरान साफ – सफाई का काम चल रहा था तभी हादसा हो गया। जिला प्रशासन हर विंदुओं की जांच करने में जुटी है।