बेगूसराय विजय कुमार सिंह
रजिस्ट्री ऑफिस में व्याप्त रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार पर विकासशील इंसान पार्टी के कार्यकर्ता अपने चरणबद्ध आंदोलन की अगली कड़ी में वीर कुंवर सिंह चौक पर आक्रोशपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। रिश्वतखोरी पर रोक नहीं लगने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष समीर सिंह चौहान ने कहा कि रजिस्ट्री ऑफिस बेगूसराय में रिश्वतखोरी चरमोत्कर्ष पर है। रजिस्ट्री ऑफिस के बड़ा बाबू प्रति रजिस्ट्री ₹5000 की अवैध वसूली करते हैं। फसल वाली जमीन को भी बसने की जमीन बताकर लोगों का आर्थिक दोहन किया जाता है। जो लोग रुपए देने से इनकार करते हैं। उनके रजिस्ट्री के पेपर को किसी न किसी बहाने से फंसा दिया जाता है।
गांव देहात के लोगों को अधिक राजस्व शुल्क लगने का डर दिखाकर उनसे अवैध वसूली की जाती है। कार्यालय के कर्मचारियों की मिलीभगत से जमीन के अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ किया जाता है। जिससे गंभीर भूमि विवाद पनपने की आशंका है। लंबे समय से विकासशील इंसान पार्टी के कार्यकर्ता इनके विरुद्ध आवाज उठा रहे हैं।
अगर रजिस्ट्री ऑफिस की व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन नहीं आया तो विकासशील इंसान पार्टी के कार्यकर्ता उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होंगे।
मौके पर मोहम्मद जब्बार, मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद अशरफुल, चुनचुन साहनी, अखिलेश साहनी, दिनेश साहनी, रामा शंकर पासवान, सुनील पासवान, रोहित पासवान, रामप्रवेश महतो, राम किशोर सिन्हा, चंद्र किशोर सिन्हा, अरुण सिन्हा के साथ दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।