बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
क्रीड़ा भारती, बेगूसराय के पदाधिकारियों की बैठक संघ कार्यालय हिरालाल चौक पर आयोजित की गई। जिसमें क्रीड़ा भारती उत्तर बिहार प्रांत के प्रांत अध्यक्ष श्रीमान चंद्रशेखर अधिकारी, प्रांत मंत्री श्रीमान अमित ठाकुर एवं बेगूसराय के जिला प्रचारक श्रीमान जितेश कुमार शामिल होकर मार्गदर्शन किया।
बैठक में मौजूद संगठन के प्रांत मंत्री अमित ठाकुर ने बताया कि 17-18 अक्टूबर को इंदौर में क्रीड़ा भारती की राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। पूरे देश में क्रीड़ा भारती का जिला सम्मेलन 25-26 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा, जबकि देशभर में चल रहे सदस्यता कार्य को प्रमुखता से जिला सम्मेलन से पूर्व संपन्न कराने का निर्णय लिया गया है।
13 नवंबर 2021 को उत्तर बिहार प्रांत कार्यसमिति की बैठक हाजीपुर में आयोजित की जाएगी। वहीं क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का आयोजन जनवरी माह में किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक छात्रों की उपस्थिति तय करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर अधिकारी ने कहा कि क्रीडा भारती का धेय्य सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र की चेतना को जागृत करने का रहा है, संगठन “खेल से निर्माण चरित्र का एवं चरित्र से निर्माण राष्ट्र का” की भावना के साथ कार्य करती है, जिसके बल पर संगठन का राष्ट्रीय स्वरूप खड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है। खेल सर्वांगीण विकास का माध्यम है। वहीं यह चेतना जागरण करने का प्रमुख स्रोत खेल है। क्रीड़ा भारती राष्ट्रीय स्तर पर से लेकर जिला स्तर पर खेल खिलाड़ियों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
जिला प्रचारक जीतेश कुमार ने कहा कि संघ के एक प्रकल्प के रूप में क्रीड़ा भारती ने कुछ समय में ही पूरे देश में अपने काम के बल पर एक सशक्त खिलाड़ियों की टीम का निर्माण किया है। खेल से अनुशासन एवं सामाजिकता की भावना का निर्माण होता है। खेल से दूर होने पर युवाओं में सख्लन होने की संभावना होती है। खेल में युवाओं का सबसे ज्यादा मन लगता है और उत्साह का संचार होता है। समाज में भाईचारा को बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है जिसके लिए क्रीड़ा भारती लगातार कार्य कर रही है।
क्रीड़ा भारती बेगूसराय के जिला मंत्री रणधीर कुमार ने कहा कि बेगूसराय क्रीड़ा भारती का जिला सम्मेलन 26 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। जिसमें संगठन के प्रांत स्तर के पदाधिकारी एवं संघ के प्रांत/क्षेत्र स्तर के पदाधिकारी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। जिला सम्मेलन से पूर्व जिले के प्रत्येक प्रखंडों में सदस्यता अभियान को समाप्त करते हुए वहां टीम को खड़ा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 13 नवंबर 2021 को उत्तर बिहार प्रांत कार्यकारिणी की बैठक में जिले से जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री, उपाध्यक्ष एवं सह मंत्री शामिल होंगे। वही क्रीडा ज्ञान परीक्षा की तैयारी हेतु संगठन के मीडिया प्रभारी श्री सुरेंद्र किशोरी को संयोजक एवं मटिहानी प्रखंड संयोजक अमन कुमार को कार्यक्रम का सह संयोजक बनाया गया है।
इस अवसर पर बैठक में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, संगठन के जिला सह मंत्री बाबुल कुमार, उपाध्यक्ष विकास कुमार, कार्यालय प्रभारी अभिजीत कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।। उपरोक्त जानकारी संगठन के मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र किशोरी ने दी है।