बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बरौनी रिफ़ाइनरी में हिन्दी पखवाड़ा के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हिन्दी भाषा की मुख्य विशेषता सबको साथ लेकर और सबको आत्मसात करते हुए चलाने की है। सबको साथ एवं सबको आत्मसात करते हुए बरौनी रिफाइनरी अपने कार्यालय में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने की ओर अग्रसर है।
01 सितंबर से 15 सितंबर 2021 तक आयोजित हो रहे हिन्दी पखवाड़े के तहत 2 सितंबर को रिफाइनरी टाउनशिप के डीजीआर सुरक्षा कर्मियों के लिए हिन्दी कविता पाठ का आयोजन किया गया।
इसमें सुरक्षा कर्मियों ने विभिन्न विषयों पर हिन्दी में कविताओं का पाठ किया। इसमें कुल 39 सुरक्षा कर्मियों ने हिस्सा लिया।
भारत के भविष्य बच्चों के लिए बीआरडीएवी पब्लिक स्कूल में हिन्दी लेखन में रुचि उत्पन्न करने के उद्देश्य से 2 सितंबर को “डिजिटल युग में हिन्दी” विषय पर हिन्दी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल 76 बच्चों ने हिस्सा लिया।
इसी क्रम में आज शुक्रवार को हिन्दी पखवाड़ा के तहत विप्स बरौनी के सदस्यों के लिए चित्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी कर्मचारियों हेतु ऑनलाइन हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का योजन किया गया। इसमें कुल 165 अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। गौरतलब है कि हिन्दी पखवाड़ा का उद्घाटन बरौनी रिफ़ाइनरी में 1 सितंबर को किया गया था।