Mon. Feb 9th, 2026

बेगूसराय :: क्रीड़ा भारती ने हर्षोल्लास के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ जिले के सैकड़ों घरों में संगठन के कार्यकर्ताओं एवं खिलाड़ियों ने किया योगाभ्यास

क्रीड़ा भारती बेगूसराय के द्वारा आज 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सैकड़ों घरों में संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं खिलाड़ियों ने योगाभ्यास करते हुए विभिन्न प्रकार के आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।

इस अवसर पर रतनपुर वार्ड 21 में क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री रणधीर कुमार के नेतृत्व में, गाँधी स्टेडियम में बेगूसराय प्रखंड संयोजक रौशन कुमार के नेतृत्व में, बखरी में जिला उपाध्यक्ष पवन कुमार सुमन के नेतृत्व में, बीहट में जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार एवं बबिता कुमारी के नेतृत्व में, सिउरी, मंझौल में जिला सह मंत्री बाबुल कुमार के नेतृत्व में एवं नौलखा मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर सह कार्यवाह अविनाश कुमार के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री रणधीर कुमार ने कहा कि योग भारत के द्वारा विश्व को दिया गया एक अनुपम देन है। जिससे आज समस्त विश्व का मानव समुदाय लाभान्वित हो रहा है। योग एवं ध्यान, तन-मन को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम साधन है। वैक्ति इसे जीवन में अपनाकर आजीवन रोगों से मुक्त रह सकता है।

जिले में योग दिवस कार्यक्रम के प्रभारी सह जिला मंत्री बाबुल कुमार एवं सह संयोजक रौशन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय मे कोरोना के कारण जहाँ पूरा विश्व समुदाय त्रस्त है। वहाँ करोना से लड़ने एवं लोगों को मानसिक तनाव से मुक्ति में योग कारगर साबित हुआ है। आज वैज्ञानिकों एवं डॉक्टरों ने भी योग के उपयोगिता को स्वीकार करते हुए इसे जीवन मे निरंतर अपनाने की बात कही है। योग कई बीमारियों के इलाज में ही सहायक है। जीवन मे योगाभ्यास के निरंतर अभ्यास से मधुमेह, मानसिक तनाव, विभिन्न जोड़ों के दर्द, किडनी एवं पेट की समस्या से निजात मिल रहा है।
जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार एवं पवन कुमार सुमन ने कहा कि “योग का डोज एक घंटा रोज” की बातों को अपने जीवन मे अगर उतारेंगे तो कभी जीवन मे बीमार नही पड़ेंगे। योग करने से हृदय एवं फेफड़ा मजबूत होता है। देश एवं देशवासियों के लिए आज हर्ष का विषय है कि देश के युवा, बुजुर्गों, महिलाओं एवं प्रौढ़ों में भी योगाभ्यास करने की रुचि बढ़ रही है।


भारत जैसे देश मे जहाँ मधुमेह के रोगी निरंतर बढ़ रहे हैं योग रामवाण है।
क्रीड़ा भारती की सदस्य सह शारीरिक शिक्षिका पिंकी कुमारी एवं बबिता कुमारी ने कहा कि आज जिले के कई प्रखंडों में संगठन के कार्यकर्ताओं के द्वारा योगाभ्यास किया गया जिसमें सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया है। इस अवसर पर प्राणायाम के अंतर्गत नाड़ी शोधन प्राणायाम (अनुलोम विलोम), भस्तिका, कपालभाति, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम तथा आसन के अंतर्गत शशंकासन,बज्रासन, ताड़ासन,वृक्षासन,त्रिकोणान, अर्धचक्रासन, पादहस्तानसन, सर्वांगासन, शीर्षासन एवं स्वासन के साथ ध्यान का अभ्यास करवाया गया।


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर सह कार्यवाह अविनाश कुमार ने कहा कि संघ के नगर खंड के द्वारा आज नौलखा मंदिर परिसर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में नगर के कई शाखा के सदस्य उपस्थित होकर सामूहिक योगाभ्यास किये। संघ की शाखाओं में निरंतर योगभ्यास का कार्यक्रम किया जाता रहा है।
1 घण्टे के योगाभ्यास कार्यक्रम का सुभारम्भ ।ॐ के उच्चारण एवं समापन शांति मंत्र के साथ करते हुए विश्व के कल्याण की कामना के साथ की गयी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed