बेगूसराय ::–
विजय कुमार सिंह ::–
05 मार्च 2021, शुक्रवार
अखिल भारतीय खेल संगठन क्रीड़ा भारती के प्रांतीय मंत्री अमित ठाकुर ने कहा है कि क्रीड़ा भारती ना केवल अपने पंचसूत्री कार्यक्रम को बढ़ावा देती है। बल्कि प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों की माताओं को राजमाता जीजाबाई सम्मान से भी सम्मानित करती है। इसके अलावा गांव-गांव में छुपी खेल प्रतिभा को उभारने के लिए प्रत्येक वर्ष प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाता है। इस प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से हम अपने कार्यकर्ताओं को खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति समर्पण की भावना जागृत करते हैं।
शुक्रवार को बेगूसराय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा इस वर्ष प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन छह एवं सात मार्च को बेगूसराय में किया जा रहा है। जिसमें चार सत्रों में प्रशिक्षण का आयोजन कर हम राष्ट्रभक्त खिलाड़ी को ग्रामीण स्तर से राष्ट्रीय पटल तक ले जाने की कार्य योजना तैयार करेंगे। ताकि हमारी देश की गरिमा विश्व स्तर पर और अधिक तेजी से आगे बढ़े। इस प्रशिक्षण सत्र में उत्तर बिहार के 22 जिलों के पदाधिकारी शामिल होंगे। कोरोना से उबरने के बाद खेल और खिलाड़ियों के काम को गति देने के लिए यह प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। छह मार्च को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर बिहार प्रांत प्रचारक रामकुमार जी कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद चार सत्रों में प्रशिक्षण के बीच चित्र प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संध्या बेला में बॉल बैडमिंटन प्रदर्शनी मैच में दरभंगा से आई महिला टीम तथा सीवान एवं बेगूसराय की पुरुष टीम के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इसके बाद सात मार्च को बिहार प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद शिवाजी को शिवाजी बनाने में समर्थ गुरु रामदास के अलावा सबसे बड़ी भूमिका निभाने वाली शिवाजी की मां राजमाता जीजाबाई सम्मान से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 18 खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले 30 खिलाड़ी की मां को बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद सम्मानित करेंगे। इस मौके पर बिहार के कला संस्कृति मंत्री डॉ. आलोक रंजन झा, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय महामंत्री राज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री संजय तिवारी, राष्ट्रीय सह मंत्री मधुमय नाथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर पूर्व क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, विभाग संचालक कुमार सुशील आदि की मौजूदगी में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती के उत्तर प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रशेखर अधिकारी करेंगे।
प्रेस वार्ता में जिला मंत्री रणधीर कुमार, सह मंत्री बाबुल कुमार, प्रखंड संयोजक रौशन कुमार, मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र किशोरी एवं विश्वकर्मा नगर के कार्यवाह मनीष कुमार आदि उपस्थित थे।