छौड़ाही(बेगूसराय)-
खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 के तहत चार पैक्सों के माध्यम से धान अधिप्राप्ति का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। चार पैक्सों के माध्यम से हो रही धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य को पूरा करवाने हेतु पैक्स प्रबंधन समिति व संबंधित विभाग के पदाधिकारी जमकर पसीना बहा रहे हैं। वही जिले भर में धान अधिप्राप्ति के हालातों का जायजा लेने हेतु जिले के वरीय पदाधिकारी भी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को डिप्टी कलेक्टर सुश्री सुनंदा कुमारी ने छौड़ाही के चार पैक्सों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बारी-बारी से शाहपुर, अमारी, सहुरी तथा परोड़ा पैक्स में धान अधिप्राप्ति, नमी जांच व वजन मशीन समेत कोविड 19 के अनुपालन संबंधित जांच की। जांच के क्रम में उन्होंने पैक्सों की व्यवस्था पर संतोष जताया। धान अधिप्राप्ति के संबंध में पूछताछ के दौरान बीसीओ मनोज कुमार ने डिप्टी कलेक्टर को जानकारी देते हुए बताया कि शाहपुर पैक्स से 806 क्विंटल, अमारी पैक्स से 473 क्विंटल, सहुरी पैक्स से 111 क्विंटल तथा परोड़ा पैक्स से 103 क्विंटल को मिलाकर कुल 1493 क्विंटल धान खरीदने की बात बताई। जिसपर उन्होंने पैक्स प्रबंधन समिति तथा बीसीओ को धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में बीडीओ प्रशांत कुमार, पैक्स अध्यक्ष रामगुण महतो, उमेश यादव, कला देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

