बेगूसराय ::–
विजय श्री ::–
5 अगस्त 2020 बुधवार
आज का दिन आराध्य देव प्रभु श्री राम के जन्म स्थल अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के मौके पर संपूर्ण देश में आज हर्ष का माहौल है। आज बेगूसराय विधानसभा के कुशमहौत में माता शबरी के मंदिर में पूजा अर्चना की गई एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने भूमि पूजन के अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लगभग 500 वर्षों के संघर्ष के सफ़र के बाद, आज जब यह ऐतिहासिक दिन आया है तो निश्चित तौर पर संपूर्ण राष्ट्र एकजुट होकर सृष्टि के पालनहार के प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भक्त वत्सल भगवान मर्यादा पुरूषोत्तम, दशरथनंदन, अराध्य देव सियापति प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण के शिलान्यास के इस ऐतिहासिक मौके पर 500 वर्षों के संघर्षमयी सफर की नींव के सभी पत्थरों को कोटिशः नमन करने का वक्त है।
भाजपा नेता कुंदन कुमार सिंह ने कहा कि राम अराध्य हैं, राम साधना हैं, राम प्रेम की प्रतिमूर्ति हैं, राम त्याग की सर्वोत्तम काया हैं, राम सबके हैं, सबमें राम हैं, राम अनुरागमयी काव्य हैं और राम ही वैराग्य हैं, तो ऐसे जगतारणहार का साधक होना स्वयं ही कर्मयोग के पथ का अनुआयी होने जैसा है। प्रभु के श्री हरि चरणों में श्रद्धाभाव से पूर्ण प्रणाम निवेदित “भव्य मंदिर” के भूमिपजन के ऐतिहासिक मौके पर समस्त राष्ट्र के सनातनी परम्परा के वाहकों/अनुयायिओं को हार्दिक बधाई।
जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पु एवं जिला उपाध्यक्ष कुंदन भारती ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन आने वाली पीढ़ियों के लिए संघर्ष से सफलता की ओर परस्पर रहने का अनुकरणीय पथ बनेगा। अनगिनत बलिदान के बाद राष्ट्र के सांस्कृतिक धरोहर पर लगे संकट के बादल छठे एवं सत्य के साथ संघर्षों की विजय हुई।
जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार वीरेश ने कहा कि ऐतिहासिकता का ऐसा प्रमाण आने वाले कई वर्षों तक शायद ही किसी अन्य राष्ट्र को देखने को मिलेगा। जगमग करती अयोध्या नगरी संपूर्ण कर रही है किंतु वैश्विक महामारी के इस कालखंड में राम भक्त अपनी भावनाओं पर अंकुश लगाते हुए अपने घरों से इस भव्य एवं मनमोहिनी छटा का आनंद ले रहे हैं। आज संपूर्ण भारतवर्ष में एक और दीपोत्सव होने जा रहा है।
जिला मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी ने कहा कि संपूर्ण राष्ट्र के आस्था के प्रतीक दशरथनंदन प्रभु श्रीराम के मंदिर निर्माण के बहुप्रतीक्षित फैसले के उपरांत आज भूमिपूजन पर हर्षव्यक्त करते हुए सरकार, न्यायालय एवं संघर्ष में जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रभु राम के मंदिर निर्माण के मार्ग प्रशस्त होने के बाद मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन उन तमाम राम भक्तों के लिए हर्ष का विषय है। जिन्होंने संघर्ष की लड़ाई को काफी नजदीक से देखा है एवं इन संघर्षों के उपरांत समस्या के समाधान हेतु एक लंबे अरसे से सुखद परिणामों की प्राप्ति हेतु प्रभु राम का स्मरण कर रहे थे।
प्रभु राम संपूर्ण राष्ट्र के आराध्य हैं और उन आराध्य देव के भव्य मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के मौके पर संपूर्ण राष्ट्र अपनी एकजुटता के साथ उनके प्रति अपने आस्था प्रदर्शित करने हेतु दैदीप्यमान होगी। राम मंदिर का निर्माण राष्ट्र के चतुर्दिक विकास के मार्ग को भी प्रशस्त करेगा।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष बलराम प्रसाद सिंह, अनिल सिंह, जिला कोषाध्यक्ष राम कल्याण सिंह, जिला महामंत्री राजीव वर्मा, जिला मंत्री राकेश पांडेय, अमरेश कुमार, आनंद राज, सुनैना देवी, ऋषिकेश पाठक, बैकुंठ प्रसाद सिंह ने हर्ष व्यक्त किया।


