मंझौल/चेरियाबरियारपुर ::–
अविनाश कुमार गुप्ता ::–
8 जुलाई 2020 बुधवार
आज बुधवार को गमगीन माहौल के बीच जब मंझौल के बाबा टोला से मां, बेटी सहित चार महिला मजदूरों की एक साथ अर्थी उठी तो परिजनों के चित्कार से उपस्थित ग्रामीणों की आंखें छलक उठी.
इससे पूर्व सुबह सवेरे जैसे ही पोस्टमार्टम के उपरांत चारों का शव घर पहुंचा स्थानीय लोगों के साथ साथ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला जारी हो गया.
गमगीन माहौल के बीच सांत्वना देने एवं ढांढस बंधाने वाले लोग भी अपने आपको रोक नहीं पा रहे थे. विदित हो कि मंगलवार का दिन अनुमंडल मुख्यालय के मंझौल पंचायत चार के बाबा टोला एवं खांजहांपुर पंचायत के भितीयाराही गांव के उस वक्त मनहूस साबित हुआ, जब खेतों में मजदूरी का कार्य कर रहे 6 महिला मजदूरों की मौत आसमानी बिजली के चपेट में आने से हो गई.
जिसमें दोनों जगह दो परिवार के दो मां एवं दो बेटी सहित दो पड़ोसी मजदूर की मौत हो गई. उक्त मनहूस खबर से पूरे गांव मुहल्ले में मातमी सन्नाटा पसर गया. मृतिकाओं के छोटे छोटे नन्हें मुन्ने बच्चों को देख हर कोई गमगीन था. इस दौरान गम मे डुबे लोग ईश्वर को कोसते हुए फरियाद कर रहे थे. कि हे ईश्वर आखिर इन बच्चों का क्या कसूर था कि तुने इनके माथे से ममता का आंचल छीन लिया.
लोग नम आंखों से बच्चों के साथ साथ परिजनों को सांत्वना देने मे मशरूफ थे. परंतु सांत्वना देने वाले लोग भी परिजनों के चित्कार एवं अनाथ बच्चों के भविष्य अधर मे लटकता देख भावविभोर होकर सिसकने पर मजबूर दिख रहे थे.
आसमानी आफत के चपेट में आए महिला मजदूरों के घर स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री कुमारी मंजू वर्मा सुबह सवेरे मातमपुर्सी के लिए पहुंची. इस दौरान पूर्व मंत्री ने घटना को बहुत ही मार्मिक एवं दुखद करार दिया. बोली पीड़ित परिवार के दुख में हम हर कदम पर साथ हैं. हमारी सरकार हमेशा आपदा पीड़ितों के साथ रही है. सरकार के संज्ञान में सभी बातें रहती हैं.
उन्होंने कहा कि भगवान ना करे कि किसी परिवार के साथ ऐसी घटना हो. वहीं मृतिका ममता कुमारी के चार नन्हे-मुन्ने बच्चों के बारे में कहा कि सरकार का ध्यान हम इस ओर दिलाएंगे तथा बच्चों के भविष्य को संवारने हेतु हर संभव सहयोग का प्रयास करेंगे. सरकार स्वयं भी भारत के भविष्य नन्हें मुन्ने बच्चों के लिए आंगनवाड़ी विद्यालय खोल रखी है. जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों के समुचित देखभाल की व्यवस्था की गई है.
वहीं मौके पर पहुंचे राजद के जिला प्रधान महासचिव रामसखा महतो एवं समाजसेवी पूर्व मुखिया सह दुसाध महासभा के जिलाध्यक्ष साहेब पासवान ने कहा कि हम लोग इस घटना के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारा प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द आपदा के तहत मिलने वाली सरकारी लाभ पीड़ित परिवारों को मिले. इसके लिए हम लोगों ने स्थानीय अधिकारियों से बातचीत किया है.
वहीं पंचायत के मुखिया राजेश कुमार उर्फ रामलोली ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. बोले हमारी सरकार से मांग है कि 4 लाख नहीं बल्कि पीड़ित परिवार को 10 लाख की राशि मुआवजे के तौर पर दिया जाए. ताकि नन्हें मुन्ने बच्चों के परवरिश के साथ उसे शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जा सके. तथा गरीबी के कारण इन बच्चों को बाल मजदूरी के लिए मजबूर होने से रोका जा सके.
इस दौरान जन सरोकार मंच के संयोजक रमण कुमार उर्फ चिन्टू सिंह, पंसस सह मंच के प्रवक्ता मनोज भारती, चंद्रकांत झा सहित अन्य ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की वकालत की.

