Thu. Nov 5th, 2026

2,000 दीपों से जगमगाया सिमरिया गंगा तट, भव्य गंगा आरती के साथ मना गंगा उत्सव

 न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ सिमरिया, अयोध्या और झमटिया घाट पर चला स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों और बच्चों ने बांधा समां

बेगूसराय। नमामि गंगे कार्यक्रम एवं जिला गंगा समिति, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को गंगा उत्सव धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिमरिया धाम स्थित गंगा तट पर 2,000 दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया। दीपों की रोशनी से गंगा तट जगमगा उठा। वहीं, भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को गंगा नदी की स्वच्छता, संरक्षण तथा इसके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व के प्रति जागरूक करना था। इसमें जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सिमरिया, अयोध्या एवं झमटिया घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर की गई। जिला समन्वयक, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे तथा जिला प्रशासन की टीम ने स्थानीय समाजसेवियों के सहयोग से घाटों की साफ-सफाई की। इस दौरान आम लोगों को गंगा नदी एवं उसके तटों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।

शाम को सिमरिया धाम स्थित गंगा घाटों की साफ-सफाई के बाद विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। इसके बाद 2,000 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। गंगा तट पर दीपों की जगमगाहट ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आकर्षित किया।

लोकगीत, भजन और लोकनृत्य की प्रस्तुति

सिमरिया कल्पवास मेला परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाल रंगमंच, बेगूसराय एवं राधा-कृष्ण म्यूजिकल ग्रुप, बीहट के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। मुकेश झा ने लोकगीत एवं भजन प्रस्तुत किए, जबकि बाल रंगमंच आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी की ओर से साक्षी एवं उनकी टीम ने लोकनृत्य प्रस्तुत किया।

बीहट के विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों ने गंगा के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार रखे। साथ ही लोगों से गंगा संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

गंगा आरती में उमड़े श्रद्धालु

आयोजन का प्रमुख आकर्षण जिला प्रशासन एवं कुंभ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित गंगा आरती रही। गंगा तट पर हुई आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम साहनी, जिला खेल पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी, नमामि गंगे श्री बिट्टू कुमार सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका श्री अविनाश कुमार सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा समाजसेवी, सामाजिक संगठनों के अध्यक्ष, पंडा समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए।

गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने की ली शपथ

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 04 नवंबर को गंगा उत्सव मनाया जाता है। इसका उद्देश्य गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और नदी संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने तथा उसके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed