न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ बरौनी रिफाइनरी के जुबली हॉल में डीएम और एसपी ने किया भव्य स्वागत, नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक
बेगूसराय, 16 अक्टूबर। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के अवसर पर ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ का संदेश लेकर त्रिपुरा से निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बेगूसराय पहुंची। रैली त्रिपुरा से शुरू होकर मिजोरम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और पश्चिम बंगाल होते हुए बेगूसराय पहुंची। बरौनी रिफाइनरी स्थित जुबली हॉल में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, बरौनी रिफाइनरी के कार्यपालक निदेशक सहित अन्य अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने रैली का भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर मद्यनिषेध कार्यालय की ओर से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए लोगों को जागरूक किया गया। केंद्रीय विद्यालयों के बच्चों ने स्किट प्रस्तुत कर लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति का संदेश देने के साथ ही नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
नशामुक्त समाज से ही साकार होगा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प : डीएम
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकजुट करने में ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और सामूहिक संकल्प को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि नशे की लत समाज को भीतर से खोखला कर रही है। विशेष रूप से सूखे नशे का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य और सामाजिक संरचना के लिए गंभीर चुनौती है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए देश को नशामुक्त बनाना आवश्यक है।
डीएम ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों को मिलकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को इस बुराई से बचाया जा सके।


