Fri. Oct 16th, 2026

राज्य स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता में मुंगेर प्रमंडल की बालिका टीम ने हासिल किया तीसरा स्थान, बेगूसराय की तीन खिलाड़ियों का रहा अहम योगदान

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय। अरवल के गांधी मैदान में­ 13 से 16 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल अंडर-14 बालक-बालिका रग्बी खेल प्रतियोगिता 2026-27 में मुंगेर प्रमंडल की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि में बेगूसराय की तीन खिलाड़ियों अस्मिता कुमारी, आरुषि कुमारी एवं पायल कुमारी ने अहम भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में मुंगेर प्रमंडल की बालिका टीम ने अपने पूल में बेहतर प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम ने एकलव्य को पराजित कर अंतिम चार में जगह बनाई।

सेमीफाइनल मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल की टीम ने एक ट्राई किया, जबकि पटना प्रमंडल की टीम दो ट्राई करने में सफल रही। इसके बाद तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल ने तिरहुत प्रमंडल को तीन ट्राई के अंतर से पछाड़ते हुए प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर बेगूसराय के खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

वहीं, बेगूसराय के सभी खेल शिक्षकों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed